Betul News: महिला के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर 90 हजार का लोन लेने का आरोप

आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस के कर्मचारी पर गंभीर आरोप
Betul News: बैतूल। आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस के कर्मचारियों पर दस्तावेजों का दुरुपयोग कर महिला के नाम पर कथित रूप से ऋण लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। भवानी वार्ड, बैतूल बाजार निवासी पुष्पा पंवार पति स्वर्गीय चंद्रभान पंवार ने इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत देकर मामले की जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक आवेदिका वर्ष 2017 से आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड की बैतूल बाजार शाखा से घरेलू जरूरतों के लिए ऋण लेती रही है। मार्च 2023 में भी उसने 70 हजार रुपए का ऋण लिया था, जिसकी किस्तें फरवरी 2024 तक समय पर जमा की गईं। शिकायत में बताया गया कि पति की मृत्यु के बाद कंपनी की शर्तों के अनुसार उक्त ऋण की शेष किस्तें माफ कर दी गई थीं।
सिविल चेक में सामने आया 90 हजार का ऋण
महिला के अनुसार वर्तमान में घरेलू जरूरत के लिए ऋण लेने के उद्देश्य से जब उसने सिविल चेक कराया तो उसके नाम पर करीब 90 हजार रुपए का एक अन्य ऋण प्रदर्शित हुआ। शिकायत में संबंधित ऋण को एसोसिएटेड एआरसी लिमिटेड, शाखा क्रमांक 5303 से जुड़ा बताया गया है। महिला का कहना है कि उसने ऐसा कोई ऋण लिया ही नहीं और न ही उसे इस ऋण की कोई जानकारी है।
कर्मचारी पर दस्तावेज लेने का आरोप
शिकायत में महिला ने बताया कि वर्ष 2023 में आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस में कार्यरत अधिकारी विशाल भोरसे द्वारा उसके दस्तावेज दो प्रतियों में लिए गए थे। आरोप है कि दस्तावेजों पर उससे दो बार हस्ताक्षर भी करवाए गए। महिला का कहना है कि दस्तावेज अंग्रेजी में थे, इसलिए उसने उन पर लिखी जानकारी को पूरी तरह नहीं पढ़ा था। अब सिविल रिपोर्ट में उसके नाम पर सामने आए ऋण को लेकर उसे दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका है।
शाखा से जानकारी मांगने पर नहीं मिला संतोषजनक जवाब
महिला ने शिकायत में बताया कि जब उसने आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस की बैतूल बाजार शाखा में जाकर मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। आवेदिका ने कोतवाली पुलिस से दस्तावेजों, कथित ऋण खाते, हस्ताक्षरों और संबंधित कर्मचारी की भूमिका की जांच कर यदि आरोप सही पाए जाएं तो उसके नाम पर ऋण लेने वाले व्यक्ति के खिलाफ उचित दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




