Betul News: गोलई चोपना में रात के अंधेरे में कोयले का कारोबार शुरू
Betul News: Coal business started in Golai Chopna in the dark of night

हर दिन 10 ट्राली कोयला खनन कर खपाया जा रहा ईट-भट्टे में
Betul News: बैतूल। प्रशासन के ध्यान न दिए जाने के बाद एक बार फिर दबे पैर घोड़ाडोंगरी ब्लाक के गोलई चोपना में काले कोयले का कारोबार पैर पसारने लगा है। यह सिलसिला पिछले एक माह से लगातार चला आ रहा है, लेकिन कोल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए कोई कारगार उपाए नहीं किए जाने से अब बड़े पैमाने पर कोयला खनन होने लगा है। खबर है कि रात का अंधेरा होने से लेकर सुबह पौ फटते तक माफिया करीब 10 ट्राली कोयला निकालकर ईंर्ट भट्टे में खपा रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि घोड़ाडोंगरी ब्लाक के गोलई खापा में एक बार फिर दबे पांव माफियाओं की दस्तक हो गई है। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि दौड़ी में भी माफिया जमीन खोकला कर कोयले का कारोबार कर रहा है। इस पर खनिज विभाग ने अब तक कार्रवाई शुरू नहीं की। इसके बाद गोलई खापा में माफिया की नजर जम गई है। जानकार सूत्र बताते हैं कि मीडिया में दौड़ी में खनन को लेकर जाकनारी लीक होने के बाद गोलई खापा में माफिया की गैंग सक्रिय हो गई है। औसतन 10 से 12 ट्राली कोयला रात के अंधेरे में निकालकर ईंट के भट्टे मेें खपाया जा रहा है। यह काम बकायदा किसी संजीत द्वारा क्षेत्र के अधिकारियों से मिलीभगत करने की जानकारी सामने आई है।

रात होते ही खनन का काम शुरू
जानकार सूत्र बताते हैं कि गोलई खापा में तवा नदी के किनारे सुरंग बनाकर संजीत और उसकी टीम द्वारा कोयला खनन का काम बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। सुंरग के माध्यम से अभी तक माफिया संजीत की टीम को हर दिन 10 ट्राली कोयला खपाया जा रहा है। यह कोयला दलालों के माध्यम से आसपास में बड़े पैमाने पर संचालित हो रहे ईंट भट्टों में मुंह मांगे दामों पर बेचकर खासा मुनाफा कमाने की जानकारी सामने आ रही है। जानकार सूत्रों ने बताया कि खनिज विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी और संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस को भी इस बारे में सूचना मिली थी, लेकिन अब तक खनन के काम पर रोक लगाने के कोई सार्थक प्रयास नहीं किए इसी वजह संजीत टीम रात होने से सुबह तक 10 ट्राली से अधिक कोयला निकालकर ईंट भट्टे पर खपाने में लगी है।
50 से 100 फीट तक की सुरंग बनाई
बताया जाता है कि माफिया संजीत ने दौड़ी में सुरंग करने के बाद गोलई खापा में 50 से 100 फीट तक की सुरंग मजदूर से बनवाई है। खबर है कि मुहानों से अंदर तक जाकर कोयले की खुदाई की जाती है। इस अवैध कारोबार में मजदूर जान जोखि में डालकर 100 फीट गहरी सुरंगों में जाकर कोयला निकाल रहे हैं। इससे मजदूरों की जान तो खतरे में है ही भविष्य में किसी बड़ी घटना से भी अवैध खदानों में हो सकती है। सांझवीर टाईम्स के पास मौजूद वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रशासन को खुली चुनौती देकर गोलईखापा में किस तरह अवैध खनन का काम किया जा रहा है।
इनका कहना….
गोलई खापा में अवैध खनन होने की जानकारी हमारे पास नहीं आई है। आपके माध्यम से पता लगा है। यदि कोयले का खनन हो रहा है तो शीघ्र ही टीम के साथ निरीक्षण कर कार्रवाई तय करेंगे।
मनीष पालेवार, उपसंचालक खनिज बैतूल




