Betul News: प्रशासन ने नहीं ली सुध, तो पुलिस स्टाफ ने भर दिए बरेठा घाट सड़क के गड्ढे

Betul News: When the administration did not take any action, the police staff filled the potholes on the Baretha Ghat road.

चार दिन बाद वाहन चालकों ने ली राहत की सांस, पक्की मरम्मत की दरकार

Betul News: बैतूल/शाहपुर। लगातार बारिश के कारण बरेठा घाट पर हाइवे 69 ए सड़क की जर्जर हालत और गड्ढों की भरमार ने पिछले कुछ दिनों से वाहन चालकों के लिए बड़ी समस्या खड़ी कर दी है। आए दिन ट्रकों के पलटने से लगने वाले जाम से जहां आम नागरिक परेशान हो रहे थे, वहीं शाहपुर थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी भी लगातार फजीहत झेल रहे थे। चार दिन से पुलिस का अमला अपने नियमित कार्यों को छोड़कर सड़क पर खड़े रहकर जाम खुलवाने में जुटा हुआ था। इस बीच प्रशासन और संबंधित विभाग की चुप्पी से स्थिति और बिगड़ती जा रही थी। लिहाजा पुलिस को खुद मोर्चा संभालना पड़ा और मजदूरों की सहायता से पुकिस कर्मियों ने खुद गड्ढे भरने का काम कर दिया।

चार दिन से बंद था बैतूल , भोपाल हाइवे, की किलोमीटर लगा था जाम

दरअसल बैतूल , भोपाल हाइवे का काम अटकने से सड़क नहीं बन पाई है। वाहनों को खतरनाक घुमावदार घाट से होकर जाना पड़ रहा है। बारिश की वजह से यहां मंदिर की टर्निंग पर पहले एक ट्रक पलटा और जाम लग गया। इसके ठीक बाद एक ट्रक का एक्सल टूटने से हाइवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। यह स्थिति पूरे चार दिनों तक एक जैसी रही।

गत रात्रि हालात देखकर शाहपुर पुलिस ने इंतजार करने की बजाय खुद मोर्चा संभाल लिया। टीआई मुकेश ठाकुर के नेतृत्व में पूरे पुलिस स्टाफ ने रातों-रात मजदूरों को बुलाकर पत्थरों और मिट्टी से गड्ढे भरवाए। इससे न सिर्फ वाहनों की आवाजाही सुचारु हुई बल्कि जाम से निजात भी मिल गई। इस पहल से वाहन चालकों ने चार दिन बाद राहत की सांस ली और पुलिसकर्मियों के जज्बे की सराहना भी की।

स्थायी समाधान के लिए सम्बन्धित विभाग मौन

टीआई ठाकुर का कहना है कि तात्कालिक रूप से गड्ढों को भरकर यातायात बहाल कर दिया गया है, लेकिन यह समाधान स्थायी नहीं है। पक्की मरम्मत किए बिना समस्या दोबारा सिर उठा सकती है। टीआई का कहना भी एक तरह से सही है, संबंधित विभाग को तत्काल प्रभाव से सड़क की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अगर समय रहते मरम्मत कर दी जाती तो पुलिस को अपने मूल कार्य छोड़कर सड़क सुधारने की मजबूरी नहीं होती। फिलहाल शाहपुर पुलिस के प्रयास से बरेठा घाट पर आवागमन आसान हुआ है, लेकिन स्थायी समाधान तभी होगा जब विभागीय स्तर पर पुख्ता मरम्मत की जाएगी। लोगों ने भी संबंधित अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि यात्रियों को दोबारा जाम और परेशानियों से जूझना न पड़े।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button