Betul Ki Khabar: ट्रेचिंग ग्राउंड बना शहर के कचरे का अड्डा, मवेशी पी रहे दूषित पानी

किदवई वार्ड में फिर जमा हुआ कचरे का पहाड़; बदबू से रहवासी परेशान, रात में अंधेरे में रहता है पूरा रास्ता

Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर को साफ रखने का दावा करने वाली नगर पालिका की व्यवस्था किदवई वार्ड स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में बेपटरी नजर आ रही है। वर्षों से जमा कचरा हटाने के बाद यहां फिर कचरे का ढेर खड़ा हो गया है। शहर से निकलने वाली कचरे की गाड़ियां लगातार ट्रेचिंग ग्राउंड पहुंच रही हैं, लेकिन कचरे के वैज्ञानिक निपटारे की व्यवस्था नजर नहीं आ रही। नतीजा यह है कि ट्रेचिंग ग्राउंड एक बार फिर कचरे के अड्डे में तब्दील होता जा रहा है।

कचरे के ढेर के बीच आवारा मवेशी और कुत्ते दिनभर घूमते नजर आते हैं। कचरा दबाने के लिए बनाए गए गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है। यही दूषित पानी मवेशी पीने को मजबूर हैं। आसपास रहने वाले लोगों के लिए यह स्थिति चिंता का कारण बनी हुई है। बारिश के बाद कचरे से उठने वाली दुर्गंध आसपास के इलाके तक पहुंच रही है।

 

कचरा हटाया, लेकिन डंपिंग नहीं रुकी

नगर पालिका ने पुराने समय से जमा कचरे को हटाकर ट्रेचिंग ग्राउंड को साफ करने की कवायद की थी। इसके बावजूद शहर से निकलने वाले कचरे की डंपिंग यहां लगातार जारी है। कचरे को अलग-अलग करने के लिए पर्याप्त मशीनरी नहीं होने से पुरानी समस्या फिर लौट आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब इसी जगह लगातार कचरा डंप होना है तो पुराने कचरे को हटाने के बाद की गई कवायद कितनी कारगर साबित हुई?

कढ़ाई में नया ट्रेचिंग ग्राउंड, फिर भी पुरानी जगह पर डंपिंग

नगर पालिका ने ट्रेचिंग ग्राउंड को कढ़ाई क्षेत्र में शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। इसके बावजूद जब तक नई व्यवस्था पूरी तरह शुरू नहीं होती, किदवई वार्ड में कचरा डंपिंग जारी है। इससे रहवासियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि सिर्फ ट्रेचिंग ग्राउंड शिफ्ट करने की घोषणा से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि वर्तमान स्थल पर जमा कचरे का भी स्थायी समाधान करना होगा।

स्ट्रीट लाइट बंद, अंधेरे में आवाजाही

ट्रेचिंग ग्राउंड की ओर जाने वाले मार्ग की स्ट्रीट लाइट भी लंबे समय से बंद पड़ी है। आसपास रहवासी क्षेत्र होने के बावजूद रात में पूरा मार्ग अंधेरे में डूबा रहता है। रहवासियों के अनुसार कई बार शिकायत के बावजूद लाइटों को दुरुस्त नहीं कराया गया।

अंधेरे और सुनसान मार्ग के कारण रात में लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। रहवासियों का कहना है कि आसपास झाड़ियों और खाली स्थानों के कारण सांप-बिच्छू का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर नगर पालिका की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button