Betul News: बातों ही बातों में हेमंत ने बताया बैतूल के दूरदर्शी विकास का विजन

बोले- जनता के बीच हूं, पद से नहीं बदला काम करने का तरीका
Betul News: बैतूल। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने जिले के समग्र विकास का विजन प्रस्तुत करते कहा कि आने वाले वर्षों में बैतूल को उद्योग, पर्यटन और खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन, पर्यटन विस्तार और आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल के विकास की नई इबारत लिखने के लिए सरकार और स्थानीय स्तर पर समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अतीत में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण जिले में बड़े उद्योग स्थापित नहीं हो सके थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। वर्तमान में उद्योगों के लिए भूमि उपलब्ध कराना सबसे बड़ी चुनौती है, क्योंकि जिले का अधिकांश हिस्सा वन क्षेत्र में आता है और भूमि परिवर्तन की प्रक्रिया जटिल है। इसके बावजूद इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
खंडेलवाल ने बताया कि चार से पांच बड़े औद्योगिक समूह बैतूल में निवेश के लिए रुचि दिखा चुके हैं। शुगर फैक्ट्री सहित अन्य बड़े उद्योगों की स्थापना के लिए भी प्रयास जारी हैं। इन परियोजनाओं के मूर्त रूप लेने से जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रदेश का पहला फॉरेस्ट कंजर्वेशन कॉरिडोर बनेगा
पर्यटन विकास की योजनाओं का उल्लेख करते उन्होंने बताया कि बैतूल-भोपाल मार्ग पर प्रदेश का पहला फॉरेस्ट कंजर्वेशन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसके लिए बजट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही जिले में बर्ड सेंचुरी और बटरफ्लाई सेंचुरी विकसित कर वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है।
उन्होंने कहा कि कुकरू को एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य अंतिम चरण में है। वन विभाग के साथ आवश्यक प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त मुक्तागिरी, चिखलधरा और मेलघाट को जोड़ते हुए एक विशेष पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा, जिसका केंद्र कुकरू होगा।
सारणी से खुलेगा सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नया प्रवेश द्वार
खंडेलवाल ने बताया कि सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का एक नया प्रवेश द्वार सारणी क्षेत्र से प्रारंभ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटल एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर भी विचार चल रहा है। गढ़ा और बेला जलाशयों को आकर्षक पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने के लिए भी योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
ऐतिहासिक धरोहरों और संस्कृति को मिलेगा नया स्वरूप
उन्होंने बताया कि खेड़ला किला, शाहपुर क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थलों तथा भैंसदेही के प्राचीन शिव मंदिर के संरक्षण एवं विकास के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं। जनजातीय संस्कृति और विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक भव्य ट्राइबल म्यूजियम स्थापित करने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।
युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार
खंडेलवाल ने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक खेल मैदानों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही फूड जोन जैसी सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है। शहर के बाहर अंतरराज्यीय बस स्टैंड निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। रेलवे में ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने के लिए भी केंद्रीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जनता के बीच रहकर काम करना मेरी प्राथमिकता
प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद कार्यशैली में बदलाव के सवाल पर खंडेलवाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता आज भी बैतूल की जनता ही है। उन्होंने कहा, प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद भी मेरे जीवन में कोई विशेष परिवर्तन नहीं आया है। मेरे साथ न कोई फॉलो गार्ड है और न ही कोई सरकारी बंगला। मैं पहले की तरह जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहा हूं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




