Betul News: वीडियो: चल समारोह में वनकर्मी की बिगड़ी तबीयत, पुलिस ने भाजी लाठियां
Betul News: Video: Forest worker's health deteriorated during procession, police thrashed him with sticksBetul News: Video: Forest worker's health deteriorated during procession, police thrashed him with sticks

लल्ली चौक पर झांकियों के प्रदर्शन के दौरान फिर हालात बेकाबू, लाठी चार्ज से नाराज युवक ट्रैक्टर के सामने लेटा
Betul News: बैतूल। लल्ली चौक पर गणपति विसर्जन के चल समारोह के दौरान एक बार फिर स्थिति अनियंत्रित हो गई। यहां लगातार कई मिनटों तक झांकियों के प्रदर्शन होते रहे, पुलिस ने समिति को आगे बढ़ने की हिदायत दी, लेकिन एक नहीं चली। इस बीच एक वनरक्षक ड्यूटी के दौरान डीजे साउंड के पास लगातार खड़े रहने के बाद गश खाकर गिर गया। संभवत: उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था।
यह नजारा देखते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पहले तो वनरक्षक को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद समिति को लल्ली चौक से चल समारोह आगे बढ़ाने के लिए कहा, लेकिन नहीं माने। व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस ने यहां लाठी चार्ज किया तो भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस के लाठी चार्ज के बाद कुछ युवक नाराज हो गए और ट्रेक्टर के सामने लेट गए। उन्हें बमुश्किल समझाइश देकर हटाया गया।
जैसा की गणेश उत्सव और दशहरा के चल समारोह में लल्ली चौक पर प्रदर्शन करने वाली विभिन्न समितियां प्रशासन और पुलिस की गाइड लाइन का पालन नहीं करते आ रहे हैं। इसी वजह चल समरोह में विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। शनिवार की दरम्यिानी रात भी लल्ली चौक पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल समारोह निकला था। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे भी निगरानी के लिए लगाए गए थे। इसके बावजूद समितियां लल्ली चौक पर प्रदर्शन के लिए समय का ध्यान नहीं रख रही। इसी वजह टिकारी और कोठीबाजार की ओर से आने वाली प्रतिमाओं की लल्ली चौक पर कतार लगते जा रही थी। पुलिस की समझाइश का भी समितियों पर असर नहीं हो रहा। इसी वजह चल समारोह में अव्यवस्था निर्मित हो गई।
डीजे के पास खड़ा वन रक्षक गश्त खाकर गिर पड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे टिकारी की ओर से जुलूस लल्ली चौक पर पहुंचा था। जुलूस में भारी भीड़ होने के साथ ही तेज साउंड में डीजे बज रहा था। वह रक्षक संजू दामड़े की ड्यूटी इस जुलूस में लगाई गई थी। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक वन रक्षक बिल्कुल डीजे के सामने खड़ा हुआ था अचानक गश्त झाकर नीचे गिर पड़ा, लेकिन जुलूस में शामिल हुड़दंगियों पर कोई फर्क नहीं पड़ा। जैसे ही इसकी सूचना टीआई रविकांत डेहरिया को मिली वे तत्काल बल लेकर मौके पर पहुंच गए।
पुलिस करती रही मिन्नतें, हुड़दंगियों पर नही पड़ा असर
घटना का सबसे शर्मनाक पहलू यह सामने आया कि वन रक्षक बेहोश पड़ा हुआ था, लेकिन हुडदंग चलता रहा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भीड़ के बढ़ने और जगह-जगह रुकावट के कारण व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। सूत्रों के अनुसार कई बार अपील के बावजूद भीड़ नियंत्रित नहीं हो रही थी। ऐसे में वन रक्षक को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने हल्की सख्ती दिखाते हुए जुलूस को निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ाया। इस दौरान पुलिस ने समिति के सदस्यों पर लाठियां भी भाजी, इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई।
कई युवक इधर से उधर भागते दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो लाठी चार्ज के बाद कुछ युवकों के मोबाइल भी टूट गए तो कुछ को चोट भी आई है। बताया जाता है कि इस बारे में शिकायत करने लोग थाने भी पहुंचे थे, लेकिन शिकायत दर्ज नहीं होने की खबर है। उधर लाठीचार्ज के बाद एक युवक नाराज हो गया। मोबाइल टूटने और लाठी चार्ज से नाराज युवक ट्रेक्टर के सामने लेट गया। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद वे बमुश्किल ट्रेक्टर के सामने से हटे।
धैर्य और अनुशासन बनाए रखने पुलिस ने की अपील
घटना के बाद लोगों में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की, तो कुछ ऐसे भी थे जिन्होंने लाठी चार्ज पर नाराजगी भी जताई। एसपी निश्चल एन झारिया ने बताया कि चल समारोह के दौरान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और जुलूस बिना किसी बड़ी रुकावट के आयोजन सम्पन्न कराया गया है। आम जन से अपील की है कि भविष्य में इस तरह के आयोजनों के दौरान लोग अनुशासन और धैर्य बनाए रखें ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
इनका कहना….
ड्यूटी के दौरान वन रक्षक की तबियत बिगड़ गई थी, जिसे तत्काल अस्प्ताल में भर्ती कराया गया। वन रक्षक को तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थोड़ी सख्ती बरतना आवश्यक हो गया था।
निश्चल एन झारिया, एसपी बैतूल




