Betul Ki Khabar: व्हाइट टॉपिंग सड़क निर्माण के लिए काम शुरू
Betul Ki Khabar: Work started for white topping road construction

चौपाटी के पास ठेकेदार ने किया सड़क समतल, बार-बार सड़क मरम्मत से मिलेगा छुटकारा
Betul Ki Khabar: बैतूल। विधायक हेमंत खंडेलवाल के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल कोतवाली से पीडब्ल्यूडी चौक तक बनने वाली व्हाइट टॉपिंग सड़क का काम आखिर गुरुवार से शुरू हो गया है। ठेकेदार ने सबसे पहले पीडब्ल्यूडी चौराहे से चौपाटी मार्ग के समतलीकरण का काम शुरू किया। हाईटेक मशीनों से यह काम लगभग एक सप्ताह में पूरा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि यह सड़क निर्माण के बाद 25 वर्ष तक मरम्मत की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
भोपाल की शर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा व्हाइट टॉपिंग सड़क के लिए ठेका लिया है। कंपनी द्वारा पूर्व में निर्माण कार्य शुरू करने के पहले हाईटेक मशीनें लाकर पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस में रखी थी। गुरुवार को कंपनी ने जिले की सबसे अच्छी व्हाइट टॉपिंग सड़क के लिए काम शुरू कर दिया है। अलसुबह कंपनी ने सबसे पहले पीडब्ल्यूडी चौराहा तक की सड़क को समतल करना शुरू कर दिया है। इसके बाद स्टेडियम, शिवाजी चौक, कलेक्ट्रेड, लल्ली चौक से थाना चौक तक सड़क बनेगी। यह सड़क पहले सदर बैल बाजार से पीडब्ल्यूडी चौराहा होते लल्ली चौक तक और दूसरे चरण में लल्ली चौक से थाना चौक तक बनाई जाएगी। सड़क सात मीटर चौडी रहेगी, लेकिन इसमें गुणवत्ता का ख्याल रखा जाएगा।

एक घंटे में 30 क्यूबिक मिक्चर होगा तैयार
व्हाइट टॉपिंग सड़क के लिए कंपनी द्वारा हाईटेक मशीन से काम किया जाएगा। यह मशीन एक घंटे में 30 क्यूबिक मिक्चर तैयार करेगी। इससे सड़क की गुणवत्ता 25 वर्ष टिकी रहेगी। इससे दो किमी बनने वाली सड़क के लिए बार-बार मरम्मत के अलावा ईधन की भी बचत होगी। इस सड़क की मोटाई 5 से 15 सेंटीमीटर की होगी। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सड़क की गुणवत्ता किस प्रकार होगी। निर्माण कंपनी द्वारा प्लांट तैयार करने के बाद इसका निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल पीडब्ल्यूडी चौराहे से कोतवाली तक बनने वाली व्हाइट टॉपिंग सड़क के लिए सड़क समतलीकरण का काम शुरू कर दिया है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी की ईई प्रीति पटेल को उनके मोबाइल 898912738 पर कई बार काल किया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया।




