Betul Crime News: एयरफोर्स जॉइन करने से एक दिन पहले युवक की हत्या, जीजा निकला मास्टरमाइंड

7-8 एकड़ जमीन हड़पने की लालच में रची साजिश; दो साथियों के साथ मिलकर वायर से गला घोंटा, शव कुएं में फेंका
Betul Crime News: बैतूल। आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम पुसली में एयरफोर्स में चयनित युवक मोहित गलफट की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के जीजा ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर करीब 20 दिन पहले हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों को डर था कि यदि मोहित नौकरी पर चला गया तो जमीन कब्जाने की उनकी योजना कभी पूरी नहीं हो सकेगी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार पुलिस कंट्रोल रूम मव आयोजित पत्रकारवार्ता में एसपी वीरेन्द्र जैन ने बताया कि मोहित की बहन ने राजा मस्की से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद राजा की नजर अपने ससुर मंचित गलफट की 7-8 एकड़ कृषि भूमि पर थी। दूसरी ओर संजय उर्फ पिंटिया और आकाश का परिवार भी खेत, सिंचाई और अन्य विवादों को लेकर मृतक परिवार से लंबे समय से रंजिश रखता था। इसी दौरान आरोपियों को जानकारी मिली कि मोहित का चयन भारतीय वायुसेना में हो चुका है और उसे 26 जुलाई को प्रशिक्षण के लिए रवाना होना है। इसके बाद तीनों ने हत्या की योजना को अंतिम रूप दे दिया।
25 जुलाई की रात मोहित गांव के मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए सोनपापड़ी खरीदकर लौट रहा था। तभी संजय और आकाश उसे दूसरे मंदिर चलने का बहाना बनाकर खेत स्थित झोपड़ी तक ले गए। वहां राजा मस्की पहले से मौजूद था। पुलिस के मुताबिक तीनों ने मिलकर मोहित को दबोच लिया। संजय और राजा ने उसके हाथ पकड़े, जबकि आकाश ने वायर से उसका गला घोंट दिया।
हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर खेत के कुएं में फेंक दिया गया। अगले दिन खेत के पास मृतक के जूते और मोबाइल मिलने के बाद पुलिस को संदेह हुआ। एसडीआरएफ की मदद से कुओं की तलाशी ली गई, जिसमें एक कुएं से मोहित का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल फोन, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया।
ऐसा रहा पूरा घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार मोहित 26 जुलाई को एयरफोर्स ट्रेनिंग के लिए जाने वाला था। आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले हत्या की योजना बनाई थी। जमीन पर कब्जे और पुरानी रंजिश को लेकर साजिश रची गई। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए जूते और संघर्ष के निशान अलग-अलग स्थानों पर छोड़े। पुलिस जांच में मोबाइल फोन बना सबसे अहम सुराग बना।
साथ ही वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों से हत्या का पूरा राज खुल गया। मामले में पुलिस ने मृतक के जीजा राजा मस्के समेत संजय उर्फ पिंटिया गलफट औऱ आकाश गलफट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में एसडीओपी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य, एसडीओपी मुलताई शिव कुमार सिंह, उप पुलिस अधीक्षक दिनेश आर्मो, थाना प्रभारी आठनेर निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, निरीक्षक अंजना धुर्वे, एसडीआरएफ टीम, उप निरीक्षक मांगीलाल ठाकरे, सउनि दिनेश धुर्वे, सउनि गंभीर रघुवंशी, सउनि संतोष चौधरी, प्रधान आरक्षक निर्मल पवार, प्रधान आरक्षक पंकज बटके , आरक्षक मनीष पटेल, आरक्षक विप्लव मिरासी आरक्षक बीरबल मीणा, प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े, साइबर सेल आर. राजेंद्र धाडसे, आर बलराम राजपूत, आर अनिरूद्ध यादव, आर नितिन चौहान एवं विशेष जांच दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




