Betul News: लक्ष्य तय करें, अखबार पढ़ें और व्यक्तित्व का करें विकास: कलेक्टर

कलेक्टर- भाजपा जिलाध्यक्ष समेत अन्य ने किया नवदुनिया प्रतिभा सम्मान में मेधावियों का सम्मान
Betul News: बैतूल। राजधानी भोपाल से प्रकाशित लोकप्रिय हिन्दी दैनिक नवदुनिया द्वारा शनिवार को वृंदावन गार्डन में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10वीं एवं 12वीं के 20 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, आरटीओ अनुराग शुक्ला, नगर पालिका सीएमओ नवनीत पाण्डेय, नवदुनिया भोपाल के संपादक विरेन्द्र तिवारी, यूनिट हेड मानवेन्द्र द्विवेदी, नवदुनिया बैतूल के ब्यूरोचीफ विनय वर्मा, मार्केटिंग हेड मयंक बारंगे सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। शुरू में यूनिट हेड मानवेन्द्र द्विवेदी ने नवदुनिया और कार्यक्रम के बारे में सभी को जानकारी दी।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य तय करना जरूरी है। जब लक्ष्य स्पष्ट होता है तो मेहनत भी उसी दिशा में केंद्रित होती है और सफलता की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आगे के करियर की मजबूत नींव है। जो विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी या अन्य किसी क्षेत्र में जाना चाहते हैं, उन्हें अभी से प्रतियोगी परीक्षाओं की गंभीर तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।

परीक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास भी महत्वपूर्ण: कलेक्टर
कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के अंकों के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। प्रतियोगी परीक्षाओं में केवल विषयों का ज्ञान ही नहीं, बल्कि सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं की जानकारी, निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास भी सफलता तय करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने की सलाह देते हुए कहा कि अखबार पढ़ने से देश-दुनिया की गतिविधियों की जानकारी मिलती है, सोच का दायरा बढ़ता है और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी इसका सीधा लाभ मिलता है।

समाचार पढ़ने से दिन की सकारात्मक शुरूआत
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनकी सफलता में समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सुबह अखबार पढ़ने से पूरे दिन की सकारात्मक शुरुआत होती है और नई जानकारी प्राप्त होती है। विद्यार्थियों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज, देश और दुनिया में हो रहे बदलावों से भी लगातार जुड़े रहना चाहिए।
डॉ. सोनवणे ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसके लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास आवश्यक है। विद्यार्थी यदि अपने शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन में पूरी लगन से मेहनत करेंगे तो निश्चित रूप से अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

लक्ष्य निर्धारित करें विद्यार्थी: सुधाकर
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने नवदुनिया परिवार को प्रतिभा सम्मान जैसे प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम मेधावी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि 10वीं के बाद ही विद्यार्थियों को अपने करियर की दिशा तय कर लेनी चाहिए। यदि लक्ष्य स्पष्ट होगा और मेहनत ईमानदारी से की जाएगी तो कोई भी विद्यार्थी कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर, आईपीएस या अन्य किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकता है।
कार्यक्रम में कई स्कूलों का सम्मान
समारोह में बैतूल जिले के प्रतिष्ठित आर.डी. पब्लिक स्कूल बैतूल, श्री विनायकम स्कूल बैतूल, संजीवनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल, सर्वोदय हायर सेकेण्डरी स्कूल सदर बैतूल, सेन्ट थेरेजा इंग्लिश मीडियम कान्वेंट स्कूल बैतूल, यूनिक हायर सेकेण्डरी स्कूल बैतूल, श्री अग्रसेन महाराज विद्यालय बैतूल, विद्या भूमि पब्लिक स्कूल बैतूल, मानसरोवर द स्कूल बैतूल, राजीव गांधी हायर सेकेण्डरी स्कूल चिचोली, भारत भारती हायर सेकेण्डरी स्कूल जामठी, यूनिवर्सल स्कूल आमला, पैराडाइज हायर सेकेंडरी स्कूल आमला, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल, गुड शेफर्ड हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल शाहपुर ,शासकीय अस्थि बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल ,माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर बैतूल ,कैपिटल पब्लिक हाई स्कूल आमला ,शासकीय हायर सेकेंडरी एमएलबी स्कूल बैतूल ,शासकीय सांदीपनि विद्यालय आमला के उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चे सम्मानित हुए। कार्यक्रम का सफल संचालन पत्रकार गौरी बालापुरे पदम ने और अंत में आभार नवदुनिया बैतूल के ब्यूरोचीफ विनय वर्मा ने व्यक्त किया।



