Betul Ki Khabar: कॉलेज चौक सौंदर्यीकरण: ठेकेदार को नोटिस देने की तैयारी, भुगतान भी रोकेगी नपा बारिश में बढ़ सकती हैं लोगों की मुश्किलें

Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के छह प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण की महत्वाकांक्षी योजना के तहत सबसे पहले शुरू किया गया जेएच कॉलेज चौक का कार्य छह माह बीतने के बाद भी आधा-अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य की धीमी गति और लापरवाही के चलते न केवल परियोजना तय समय सीमा से पीछे चल रही है, बल्कि बारिश के मौसम में आम लोगों की परेशानियां भी बढ़ने लगी हैं। अब नगर पालिका ने निर्माण एजेंसी कान्हा कंस्ट्रक्शन कंपनी को नोटिस जारी करने और लंबित भुगतान रोकने की तैयारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जेएच कॉलेज चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य 15 जनवरी से शुरू किया गया था। नगर पालिका की योजना थी कि छह माह के भीतर यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा, ताकि शहरवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था और आधुनिक स्वरूप वाला चौराहा मिल सके। लेकिन शुरुआत से ही निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चलता रहा। निर्माण एजेंसी ने निर्धारित समय के अनुरूप संसाधन और श्रमिक नहीं लगाए, जिसका असर पूरे प्रोजेक्ट पर पड़ा।
निर्माण कार्य के दौरान एक छोटी पुलिया और उस पर सड़क निर्माण में ही लगभग दो माह का समय लग गया। इसके बाद सीसी सड़क निर्माण भी बेहद सुस्त गति से किया गया। छह माह गुजर जाने के बावजूद सड़क का कार्य पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है। वहीं चौराहे पर प्रस्तावित रोटरी, हाईमास्ट पोल, सौंदर्यीकरण और अन्य फिनिशिंग कार्य अब भी बाकी हैं।
पहले भी उठ चुके हैं गुणवत्ता पर सवाल
निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी शुरुआत से ही सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने समय-समय पर निर्माण की गुणवत्ता तथा धीमी गति पर आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बावजूद नगर पालिका ने निर्माण एजेंसी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। नतीजा यह रहा कि ठेकेदार की कार्यशैली में सुधार नहीं आया और परियोजना लगातार विलंबित होती चली गई।
बारिश में बढ़ी परेशानी, यातायात हो रहा प्रभावित
अधूरे निर्माण के कारण कॉलेज चौक पर आए दिन यातायात प्रभावित हो रहा है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़, गड्ढे और जलभराव जैसी स्थिति बनने लगी है। वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों और विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द निर्माण पूरा नहीं हुआ तो मानसून के दौरान हालात और बिगड़ सकते हैं।
अमृत योजना की पाइप लाइन लीकेज से और बढ़ी दिक्कत
पिछले दिनों कॉलेज चौक पर अमृत योजना की मुख्य पाइप लाइन में लीकेज आने से स्थिति और गंभीर हो गई। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से शहर के कई हिस्सों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई, वहीं खुदाई और पानी भरने के कारण यातायात पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। इस दौरान एक स्कूली बस भी सड़क पर फंस गई, जिससे नगर पालिका के निर्माण कार्यों की पोल खुल गई।
हालांकि नगर पालिका ने लीकेज सुधार का कार्य शुरू कराया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक इसे पूरी तरह पूरा नहीं किया जा सका था। अधिकारियों के अनुसार शनिवार देर रात तक पाइप लाइन की मरम्मत और सड़क समतलीकरण का कार्य पूरा होने की संभावना है। इसके बाद निर्माण एजेंसी पुन: सड़क निर्माण का कार्य तेज कर सकेगी।
नोटिस और भुगतान रोकने की तैयारी
नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि निर्माण एजेंसी को समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। ऐसे में अब ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही, जब तक निर्माण कार्य संतोषजनक गति से आगे नहीं बढ़ता, तब तक एजेंसी का भुगतान भी रोके जाने पर विचार किया जा रहा है।
शहरवासियों का कहना है कि प्रमुख चौराहे पर लंबे समय से चल रहे अधूरे निर्माण के कारण उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने नगर पालिका से निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द कॉलेज चौक का सौंदर्यीकरण पूरा कराने की मांग की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




