Betul Payjal Sankat : लोगों को नहीं मिला पानी कलेक्टर ने लगा दी एनएचएआई अधिकारियों की क्लास
बंसल कम्पनी ने तोड़ी थी पेयजल सप्लाई की पाइप लाइन, 22 वार्डों के हजारों लोग प्रभावित

Betul Payjal Sankat – बैतूल। बैतूल से इंदौर तक सडक़ बनाने वाली बंसल कंपनी की एक और बड़ी लापरवाही आम जनता पर भारी पड़ गयी। नगरपालिका द्वारा शहर के लोगों को पानी सप्लाई करने के लिए ताप्ती बैराज से विवेकानंद वार्ड के फिल्टर प्लांट तक पाइपलाइन को बंसल कंपनी द्वारा दनोरा के पास हाईटेंशन लाइन के लिए ड्रिलिंग के दौरान तोड़ दिया गया था। बुधवार सुबह जब शहर के 22 वार्डों में रहने वाले हजारों लोगों तक पानी नहीं पहुंचा तो सूचना के बाद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वे तत्काल मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि कलेक्टर ने तत्काल एनएचएआई और बंसल कम्पनी के अधिकारियों को मौके पर तलब किया और उनकी जमकर क्लास लगा डाली। अधिकारियों को कलेक्टर ने साफ अल्टीमेटम दे दिया है कि कुछ भी हो सुधार कार्य पूरा होने तक एक मिनट भी काम रुकना नहीं चाहिए। इसके बाद कम्पनी के कर्मचारी मशीनें लेकर मौके पर पहुंचे और सुधार कार्य शुरू करवाया। इधर नपा के सब इंजीनियर ब्रजेश खानुरकर ने बताया कि कोशिश है कि आज रात तक सुधार कार्य पूर्ण करवा लिया जाएगा।
दूसरी बार फोड़ी गई नपा की पाइप लाइन
बंसल कंपनी द्वारा यह पहली दफा नहीं बल्कि दूसरी दफे नपा की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त की गई है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होते ही एनीकेट तक आने वाला पानी तेज प्रवाह के साथ हजारों लीटर पानी खेतों में चला गया। सूचना मिलते ही ताप्ती बैराज से पानी की सप्लाई बंद करवाई गई। बुधवार को लोग पानी सप्लाई का इंतजार कर ही रहे थे कि जानकारी मिली कि शहर के लोगों को आज पानी सप्लाई नहीं हो पाएगी। सब इंजीनियर ब्रजेश खानुरकर ने बताया कि सूचना मिलते ही कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी एवं सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया मौके पर पहुंच गए थे। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में सुधार कार्य रोका ना जाए। कम्पनी पर कार्यवाही को लेकर श्री खानुरकर ने बताया कि, फिलहाल सुधार कार्य पहली प्राथमिकता है। इसके बाद उच्च अधिकारियों के जो भी निर्देश होंगे कार्यवाही की जाएगी।
ड्रिलिंग के दौरान फुट गई पाइप लाइन
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम बंसल कंपनी द्वारा दनोरा ओवरब्रिज के पास में हाईटेंशन लाइन के लिए ड्रिलिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फूटने के बाद शहर के लोगों को बुधवार पानी की सप्लाई नहीं की हो पाई। शहर के 22 वार्डों में बुधवार होने वाली सप्लाई बुरी तरह बाधित हो गई। यदि आज रात तक सुधार हो गया तो कल लोगों को पानी की सप्लाई दी जा सकती है। गौरतलब है कि नगर पालिका के पास फिलहाल ताप्ती बैराज के अलावा शहर के लोगों को पानी सप्लाई का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। लाखापुर और गंगूडोह का पानी खत्म होने के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। इससे पहले भी सडक़ निर्माण कार्य के दौरान बंसल कंपनी द्वारा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त की जा चुकी है।
इनका कहना…
बंसल कम्पनी की लापरवाही से पाइप लाइन फूटी है कलेक्टर साहब ने निरीक्षण कर जल्द से जल्द सुधार कार्य के निर्देश दिए हैं कम्पनी के खिलाफ एफआईआर भी करवाएंगे।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ, नगरपालिका बैतूल।




