Ward Parikrama: मोती वार्ड में नाली और पक्की सड़क की समस्या, वार्ड के लोग इसी से नाराज

पार्षद सक्रिय, लेकिन बजट ने तोड़ी कमर

Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 11 मोतीवार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी से रहवासी परेशान हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का पुराना वार्ड होने के बावजूद यहां विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं दिखाई दे रही है। वार्ड में सड़क और नाली जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सांझवीर टाईम्स की टीम ने वार्ड का दौरा कर स्थानीय नागरिकों से चर्चा की। इस दौरान वार्डवासियों ने क्षेत्र की कई समस्याएं सामने रखीं। रहवासियों का कहना है कि कई गलियों में पक्की सड़क नहीं होने से बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है। वहीं नालियों के अभाव में गंदा पानी सड़कों पर बहता है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है।

वार्ड के नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र की एक कॉलोनी को अवैध घोषित कर दिया गया है। इसके बाद नगर पालिका द्वारा कई रहवासियों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में एक से दो लाख रुपए तक की राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कॉलोनीवासियों की चिंता बढ़ गई है और वे खुद को दोहरी परेशानी में घिरा महसूस कर रहे हैं। वार्ड का प्रतिनिधित्व भाजपा की पार्षद कल्पना कैलाश धोटे कर रही हैं।

हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड पार्षद होने के बावजूद क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए हैं। नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। वार्डवासी प्रवीण गायकी, पिंटू गायकी ने भी बताया कि उनके मोहल्ले में नाली की समस्या बनी हुई है।

क्या कहते हैं …..

वार्ड में नाली की समस्या को लेकर कई बार पार्षद और नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। पार्षद एक बार समस्या देखने आए थे, उसके बाद दोबारा हाल जानने नहीं पहुंचे। नाली निर्माण नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में वार्डवासी ने अपने खर्च पर नाली बनवानी पड़ी। वार्ड में समस्याएं सुनने और उनका निराकरण करने वाला कोई नहीं है।

जितेंद्र पाल, वार्डवासी

वार्ड से गुजरने वाले नाले की नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में जल निकासी प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते सफाई नहीं हुई तो जलभराव की स्थिति बन सकती है। इस संबंध में वार्ड पार्षद से शिकायत की गई थी। उन्होंने सफाई कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

निलेश पवार, वार्डवासी

वार्ड में बनाई गई सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सड़क निर्माण को एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है और जगह-जगह से सड़क उखड़ने लगी है। घटिया निर्माण के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में पानी निकासी की समस्या भी बनी हुई है, जिससे हालात और खराब हो रहे हैं।

विशाल काले, वार्डवासी

वार्ड में नाली निर्माण नहीं होने से गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। अक्सर सड़कों पर गंदा पानी बहता दिखाई देता है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। इस समस्या को लेकर कई बार पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। वार्ड की समस्याओं को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

राजा रघुवंशी, वार्डवासी

वार्ड में हो रहा पार्क का निर्माण : पार्षद

मोतीवार्ड सबसे बड़ा वार्ड है। कई क्षेत्र में सड़क और नालियों का निर्माण किया है। कुछ जगह समस्या है उसका भी जल्द समाधान किया जाएंगा। वार्ड में एक पार्क का निर्माण किया जा रहा है। जल्द ही इसकी सुविधा वार्डवासियों को मिलेगी। मोतीवार्ड का प्रतिवर्ष विस्तार हो रहा है, जिसके कारण भी कुछ क्षेत्रों में सड़के नहीं बन पाई। नगर पालिका ने भी बजट फिक्स कर दिया है। बजट की कमी के कारण बहुत अधिक काम नहीं कर पाए।

कल्पना कैलाश धोटे, पार्षद मोतीवार्ड

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button