Betul Samachar: अभिनंदन सरोवर के पीछे नपा की अस्थाई 85 दुकानें बनकर तैयार

70 के आवंटन की तैयारी, शेष 15 दुकानदारों की पहचान की प्रक्रिया जारी

Betul Samachar: बैतूल। शहर में सड़क किनारे अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले लघु व्यापारियों के स्थाई व्यवस्थापन की दिशा में नगरपालिका ने एक महत्वपूर्ण कदम पूरा कर लिया है। अभिनंदन सरोवर के पीछे टीन शेड की कुल 85 दुकानें बनकर तैयार हो चुकी हैं। इन दुकानों के माध्यम से छोटे व्यवसायियों को अब स्थाई रूप से रोजी-रोटी का साधन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पूरे प्रयास में बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की विशेष भूमिका रही है, जिनके सहयोग से यह योजना धरातल पर उतर सकी।

नगर पालिका का यह प्रयास उन छोटे दुकानदारों के लिए राहत लेकर आया है, जो लंबे समय से सड़क किनारे अस्थाई रूप से दुकान लगाकर व्यवसाय कर रहे थे। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, वहीं दुकानदारों को भी बार-बार हटाने की कार्रवाई का सामना करना पड़ता था। अब इस नई व्यवस्था से जहां शहर को अतिक्रमण से राहत मिलेगी, वहीं व्यापारियों को स्थायित्व मिलेगा।

वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते ने बताया कि प्रस्ताव और योजना के अनुसार अभिनंदन सरोवर के पीछे कुल 85 दुकानों का निर्माण कराया गया है। इन दुकानों का आवंटन उन्हीं छोटे व्यवसायियों को किया जा रहा है, जिनकी दुकानें पूर्व में सड़क किनारे संचालित थीं। योजना के तहत पहले ही लगभग 85 दुकानदारों से 5-5 हजार की प्रारंभिक राशि जमा करवाई गई थी।

ऐसी रहेगी प्रक्रिया

उन्होंने बताया कि अब तक करीब 70 दुकानदारों की पहचान कर ली गई है, जिन्हें दुकानों का आवंटन किया जाना है। शेष 15 दुकानदारों की खोजबीन की जा रही है। इनमें से कुछ दुकानदार ऐसे हैं, जो शहर छोड़कर अन्यत्र चले गए हैं, जबकि कुछ का निधन हो चुका है। इन सभी मामलों की पुष्टि की जा रही है, ताकि आवंटन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार शेष दुकानदारों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया में लगभग एक माह का समय लग सकता है।

इसके बाद अतिरिक्त निर्धारित राशि जमा करवाकर विधिवत रूप से दुकानों का आवंटन किया जाएगा। आवंटन पूरा होने के बाद सभी दुकानदारों को एक निश्चित स्थान पर व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा। नगरवासियों का मानना है कि इस योजना से न केवल शहर की सड़कों पर अतिक्रमण कम होगा, बल्कि छोटे व्यापारियों को सम्मानजनक और सुरक्षित कार्यस्थल भी मिलेगा। यह कदम शहर के सुव्यवस्थित विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

आवंटन के बाद होगी अंतिम प्रक्रिया

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष निर्धारित राशि जमा करवाकर विधिवत रूप से दुकानों का आवंटन किया जाएगा। आवंटन पूर्ण होते ही सभी दुकानदारों को एक निश्चित और सुव्यवस्थित स्थान पर व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा।

इस कांप्लेक्स को बनाने के लिए नगरपालिका को काफी परेशानी हुई। दरअसल छोटे दुकानदारों की शिफ्टिंग के दौरान उनसे पैसे जमा करा लिए थे, लेकिन आवंटन के समय नपा को नाराजगी भी झेलना पड़ा। देर आए दुरुस्त आए की तर्ज पर नपा ने छोटे दुकानदारों का ध्यान रखते हुए दुकान आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने से व्यवसायियों को खुशी बनाने का अवसर दिया।

इनका कहना..

अभिनंदन सरोवर के पीछे 85 दुकान बनकर तैयार हो गई है। जिन दुकानदारों ने राशि जमा कराई, उन्हें नियमानुसार दुकानें आवंटित की जाएगी।

ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक, नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button