Betul Tapti Barrage: ताप्ती बैराज की मोटर फिर खराब, चार दिन से शहर की पेयजल सप्लाई ठप

33 वार्डों के रहवासी परेशान, गर्मी में तीसरी बार आई तकनीकी खराबी
Betul Tapti Barrage: बैतूल। शहर की पेयजल व्यवस्था एक बार फिर ताप्ती बैराज की मोटर खराब होने से चरमरा गई है। मोटर में तकनीकी खराबी आने के कारण पिछले चार दिनों से शहर में नलों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद पड़ी है। लगातार चार दिन से पानी नहीं मिलने से शहरवासियों को पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग निजी टैंकरों और हैंडपंपों पर निर्भर होने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार ताप्ती बैराज से शहर की जलापूर्ति के लिए लगी मुख्य मोटर में अचानक खराबी आ गई। मोटर बंद होने से बैराज से पानी का उठाव पूरी तरह रुक गया, जिसका सीधा असर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ा। नगर पालिका द्वारा शहर के 33 वार्डों में स्थित कुल 11 पानी की टंकियों को बारी-बारी से भरकर पेयजल आपूर्ति की जाती है, लेकिन मोटर खराब होने के कारण किसी भी टंकी में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे पूरे शहर में जल संकट गहरा गया है।
व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
बताया जा रहा है कि गर्मी के इस सीजन में यह तीसरी बार है जब ताप्ती बैराज की मोटर खराब हुई है। बार-बार मोटर में खराबी आने से नगर पालिका की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि हर बार मोटर खराब होने पर कई दिनों तक जलापूर्ति प्रभावित रहती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
शहर के विभिन्न वार्डों में लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई परिवारों को पानी खरीदकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं, जबकि कुछ स्थानों पर लोग सार्वजनिक हैंडपंपों और अन्य स्रोतों से पानी भरने को मजबूर हैं। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नपा का दावा- शीघ्र होगी मरम्मत
नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि मोटर की मरम्मत का कार्य जारी है और जल्द ही नई मोटर अथवा मरम्मत के बाद जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि नपा के दावे के बीच वस्तुस्थिति सामने आई है कि दूसरी मोटर मरम्मत के लिए भोपाल गई है। फिलहाल एक ही मोटर से सप्लाई की जा रही है। इससे टंकी भरने में देरी लग रही है।
हालात यह है कि चार दिन बीत जाने के बावजूद सप्लाई ठीक से शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों ने मांग की है कि पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बार-बार शहर को जल संकट का सामना न करना पड़े।
तीसरी मोटर का दावा झूठा, अब तक वर्क आर्डर नहीं
ताप्ती बैराज में नगरपालिका के पास केवल दो ही मोटर मौजूद है। इसमें से एक मोटर के खराब होने पर अक्सर दूसरी मोटर के सिवाए कोई विकल्प नहीं है। ऐसे हालात कई सालों से निर्मित हो रहे हैं, लेकिन नपा ने तीसरी मोटर खरीदने के लिए कोई विकल्प नहीं खोजा। नपा के नए सीएमओ नवनीत पांडे ने जरूर कहा था कि तीसरी मोटर खरीदने के लिए शीघ्र प्रयास करेंगे, लेकिन डेढ़ माह बाद कोई ठोस प्रयास शुरू नहीं हो पाए हैं।
अब तक नई मोटर के लिए कोई वर्क आर्डर जारी नहीं हुआ। यही वजह है कि एक मोटर खराब होने पर मरम्मत के लिए भोपाल भेजा रहा है और दूसरी के भरोसे शहर की सप्लाई की जा रही है। इससे व्यवस्था चौपट होना आम बात है।
इनका कहना….
ताप्ती बैराज की दो में से एक मोटर खराब होने से सप्लाई प्रभावित हो रही है। मोटर शाम तक मरम्मत होकर आएगी। फिलहाल एक मोटर से शहर की टंकियों से भरकर सप्लाई ली जा रही है।
राहुल शर्मा, उपयंत्री नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




