Betul Samachar : चौराहों की रोड कनेक्टिंग शुरू

आम नागरिकों को धूल मिट्टी से मिलेगी निजात
Betul Samachar : बैतूल। नगर के मुख्य चौराहों पर लंबे समय से अधूरी पड़ी सड़कों के कारण आम नागरिकों को धूल-धक्कड़ और गड्ढों से दो-चार होना पड़ रहा था। वाहन चालकों के साथ पैदल यात्रियों को भी सड़क की खराब स्थिति के चलते भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशासन को समस्या से अवगत कराया गया, जिसके बाद अब अंतत: राहत के संकेत दिखाई दे रहे हैं। नगर पालिका के निर्देश पर सड़कों की कनेक्टिविटी का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है।पहले चरण में कोठीबाजार लल्ली चौक पर काम शुरू कर दिया गया है। आने वाले समय मे नागरिकों को सड़कों से सीधे चौराहों की कनेक्टिंग मिल सकेगी।
पानी निस्तारी के प्रबंध के बाद बनाई सड़क
लल्ली चौक पर पिछले कुछ दिनों से लेवलिंग, ग्रेवल भराई और बारिश के पानी के निस्तारी करण का $काम किया जा रहा था। सीमेंट रोड और कोतवाली सड़क से आने वाले बारिश के पानी को सीधा तालाब में उतारने की व्यवस्था कर दी गई है। अब ठेकेदार द्वारा सड़को को चौराहे से कनेक्ट किया जा रहा है। शिव मंदिर से आर्य समाज मंदिर तक सड़क की डबल लेयर डाल दी गई है। हालांकि सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के चारों ओर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। इसके बाद दूसरे चरण में चौराहे के सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जाएगा।
व्यापारी भी ले रहे राहत की सांस,
सड़कों की कनेक्टिविटी शुरू होने से लल्ली चौक के दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि धूल-मिट्टी के कारण ग्राहक दुकान पर रुकने से कतराते थे और व्यापार भी प्रभावित हो रहा था। वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि बरसात के बाद से सड़कें जर्जर अवस्था में थीं, जिससे रोजाना वाहन फिसलने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों में उम्मीद जागी है कि जल्द ही समस्या से पूरी तरह छुटकारा मिलेगा। अगले 10-12 दिनों में प्रथम चरण का सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य समय पर पूरा हुआ तो धूल-मिट्टी और बदहाल चौराहे की समस्या से लंबे समय बाद निजात पा ली जाएगी ।




