Betul Ki Khabar: 12 रुपए के बकाया पर 713 रुपए, 43 हजार के बिल पर 26 लाख का समायोजन!

बिजली बिल समायोजन में लाखों की अनियमितता का दावा, नपा ने बिजली कंपनी को लिखा पत्र लिखकर जताई आपत्ति
Betul Ki Khabar: बैतूल। नगर पालिका परिषद की चुंगी क्षतिपूर्ति राशि से किए बिजली बिल समायोजन में बड़े वित्तीय गड़बड़झाले का मामला सामने आया है। सीएमओ ने मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को पत्र लिखकर कई उपभोक्ता खातों में वास्तविक देय राशि से कई गुना अधिक रकम समायोजित किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई है। इतना ही नहीं, नगर पालिका के लिए स्वीकृत राशि से सारनी नगर पालिका के एक उपभोक्ता खाते में भी लाखों रुपए समायोजित किए जाने का आरोप लगाया है।
नगर पालिका द्वारा 12 जून को जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा चुंगी क्षतिपूर्ति मद से नगर पालिका परिषद बैतूल के बिजली देयों के भुगतान के लिए 47 लाख 83 हजार रुपए की राशि विद्युत वितरण कंपनी को उपलब्ध कराई गई थी। इस राशि का उपयोग केवल नगर पालिका के वास्तविक बकाया बिजली बिलों के समायोजन के लिए किया जाना था।
परीक्षण में सामने आई चौंकाने वाली जानकारी
नगर पालिका स्तर पर जब समायोजन की जांच की गई तो कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें बकाया राशि की तुलना में अत्यधिक रकम समायोजित कर दी गई। नगरपालिका के अधिकारी खुद इस कटौती से हैरत में थे। इसके बाद सीएमओ द्वारा भेजे गए पत्र में इसका विस्तृत उल्लेख किया गया है।
पत्र के अनुसार उपभोक्ता क्रमांक हृ2317034954 में मात्र 12 रुपए की मांग राशि के विरुद्ध 713 रुपए समायोजित कर दिए गए। इसी प्रकार उपभोक्ता क्रमांक हृ2317034113 में 3,165 रुपए के बकाया के बदले 1 लाख 88 हजार 26 रुपए का समायोजन कर दिया गया। सबसे हैरान करने वाला मामला उपभोक्ता क्रमांक हृ2317041066 का सामने आया, जहां 43 हजार 810 रुपए की मांग राशि के विरुद्ध 26 लाख 2 हजार 666 रुपए समायोजित किए जाने का उल्लेख किया गया है।
इसके अलावा उपभोक्ता क्रमांक हृ2317027443 में 7,577 रुपए के बकाया पर 4 लाख 50 हजार 135 रुपए तथा उपभोक्ता क्रमांक हृ2317002678 में 1,733 रुपए के विरुद्ध 1 लाख 2 हजार 954 रुपए का समायोजन किया गया।
बैतूल की राशि से सारनी का भुगतान!
मामले में एक और गंभीर तथ्य सामने आया है। पत्र में कहा गया है कि बैतूल नगर पालिका के लिए स्वीकृत राशि में से 14 लाख 38 हजार 506 रुपए का समायोजन नगर पालिका परिषद सारनी के उपभोक्ता क्रमांक एन 2207015348 के खाते में कर दिया गया। जबकि यह राशि बैतूल नगर पालिका के बकाया भुगतान के लिए स्वीकृत की गई थी।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि यह समायोजन न केवल तथ्यात्मक रूप से गलत है बल्कि वित्तीय दृष्टि से भी पूरी तरह अनुचित है। इसके पहले भी बैतूल नपा को मिलने वाली चूंगी कर की राशि में से दूसरी निकायों के बिजली बिल का भुगतान कर लिया गया। यह मामला सुलझा ही नहीं था कि दूसरे प्रकरण में नपा की परेशानी बढ़ा दी है।
सीएमओ ने मांगी जांच
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को भेजे पत्र में पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर वास्तविक बकाया राशि के अनुसार पुन: समायोजन करने की मांग की है। साथ ही जो अतिरिक्त राशि गलत तरीके से समायोजित हुई है, उसे नगर पालिका परिषद बैतूल के खाते में वापस जमा करने के निर्देश देने का आग्रह किया गया है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि समायोजन में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में भुगतान संबंधी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इतना ही नहीं नपा की आपत्ति के बाद दो विभागों के बीच तालमेल में भी कमी आने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
48 लाख की कटौती से वेतन पर संकट के आसार
विद्युत कंपनी द्वारा नाममात्र के विद्युत देयकों के विरूद्ध लाखों रुपए का समायोजन चूंगी कर की राशि से करने के बाद नपा की वित्तीय स्थिति गड़बड़ाने के प्रबल आसार दिखाई दे रहे हैं। कुल 47 लाख 83 हजार की नियम के विरूद्ध कटौती की वजह से अगले माह नपा को कर्मचारियों को वेतन देने में बड़ी परेशानी सामने आ सकती है।
चूंगी कर की कटौती को लेकर मंगलवार सीएमओ ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त को भी इस संबंध में पत्र लिखकर अवगत कराया है। आयुक्त को भी बताया कि यदि भारी भरकम राशि की कटौती की गईतो जुलाई माह में नपा की आर्थिक स्थिति गड़बड़ाने पर कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़ सकते हैं।
इनका कहना….
विद्युत कंपनी में 5 उपभोक्ता क्रमांक के नाममात्र के बिलों पर कई गुणा राशि समायोजित की गई है। सारणी के एक प्रकरण में भी 14 लाख से अधिक की कटौती बैतूल नपा की चूंगी कर से की गई है। इससे अगले माह नपा की वित्तीय स्थिति गड़बड़ा सकती है। हमने इस संबंध में विभाग के आयुक्त और विद्युत कंपनी के अधीक्षण यंत्री को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया है।
नवनीत पांडे, सीएमओ, नपा बैतूल
नपा से चूंगी कर से मिलने वाली राशि के कुछ विद्युत समायोजन की राशि त्रुटिपूर्ण होने संबंधित पत्र मिला है। हमने भोपाल मेें वरिष्ठ कार्यालय को इस संबंध में अवगत करा दिया है।
बीएस बघेल, अधीक्षण यंत्री, मप्रविविकंलि., बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




