Ward Parikrama: देशबंधु वार्ड में बदहाल सफाई व्यवस्था, चार दिन में एक बार मिल रहा पानी

वार्डवासी बोले- चुनावी वादे हवा हुए, पार्षद समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं
Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 14 देशबंधु वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का संकट गहराता जा रहा है। सफाई व्यवस्था की बदहाली, पेयजल आपूर्ति में अनियमितता और सड़कों की खराब स्थिति से वार्डवासी खासे परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर जनप्रतिनिधि गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण उन्हें रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों का कहना है कि चुनाव के दौरान क्षेत्र के विकास और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे। लोगों ने उम्मीद के साथ अपना जनप्रतिनिधि चुना, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वार्ड की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। स्थिति यह है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
सबसे अधिक परेशानी सफाई व्यवस्था को लेकर सामने आ रही है। वार्ड के कई हिस्सों में नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं और उनकी नियमित सफाई नहीं हो रही है। नालियों में जमा कचरा और गंदा पानी बदबू फैलाने के साथ-साथ मच्छरों के पनपने का कारण बन रहा है। बरसात के मौसम में यह स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। रहवासियों का कहना है कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नियमित रूप से वार्ड में नहीं आते, जिसके चलते उन्हें स्वयं नालियों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई करनी पड़ती है।
गर्मी के दिनों मेें पेयजल संकट बड़ी समस्या
पेयजल संकट भी वार्डवासियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। लोगों के अनुसार उन्हें चार-चार दिन के अंतराल में पानी मिल रहा है, जिससे घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। गर्मी और उमस के मौसम में पानी की कमी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। कई परिवारों को पानी संग्रहित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
कुछ रहवासियों ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारी केवल पार्षद के निवास के आसपास सफाई कर लौट जाते हैं, जबकि वार्ड के अन्य हिस्सों की अनदेखी की जाती है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। वहीं, कई स्थानों पर सड़कें जर्जर अवस्था में हैं, जिससे आवागमन में भी दिक्कतें हो रही हैं।
वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाए, नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज बुलंद करने को मजबूर होंगे।

क्या कहते हैं वार्डवासी
नालियां चोक पड़ी हैं, समय पर सफाई नहीं होती। पानी की निकासी नहीं होने से गंदगी फैल रही है और लोग बदबू से परेशान हैं। वार्ड पार्षद से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। सफाई कर्मचारी भी नियमित रूप से सफाई करने नहीं पहुंचते। वार्ड में सफाई सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है।
दिनेश सूर्यवंशी, वार्डवासी

वार्ड में सफाई कर्मचारी नहीं आते। कई बार मैंने अपने घर के सामने स्वयं सफाई की है। कर्मचारियों द्वारा नियमित सफाई नहीं की जाती। पानी की निकासी नहीं होने से घर के सामने गंदगी जमा रहती है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। पार्षद से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गीता बामने, वार्डवासी

वार्ड में चार-चार दिन के अंतराल से पानी की आपूर्ति हो रही है। गर्मी के दिनों में लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। अन्य वार्डों में एक दिन के अंतराल पर पानी की सप्लाई होती है, लेकिन यहां चार दिन बाद पानी आता है। इतना ही नहीं, पर्याप्त मात्रा में पानी भी नहीं मिल पाता।
गीता मांडेकर, वार्डवासी

वार्ड में सफाई व्यवस्था बेहद खराब है। सफाई कर्मचारी ठीक से काम नहीं करते। इसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। पार्षद द्वारा भी केवल आश्वासन दिया जाता है। इसके अलावा वार्ड में अन्य समस्याएं भी बनी हुई हैं। नगर पालिका में शिकायत करने के बावजूद समाधान के लिए कोई नहीं आता।
रमेश दावड़े, वार्डवासी

सड़क-नालियों का निर्माण कराया है : पार्षद
देशबंधु वार्ड के पार्षद एवं सभापति राजेश पानकर ने कहा कि वार्ड में कई स्थानों पर सड़क और नालियों का निर्माण कराया गया है। पाइपलाइन बिछाकर अनेक घरों तक पेयजल पहुंचाने का कार्य भी किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन पानी की सप्लाई भले नहीं हो रही हो, लेकिन जब भी जलापूर्ति होती है, पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि वार्ड में कोई बड़ी समस्या नहीं है। सभी समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान एक साथ संभव नहीं होता, इसलिए छोटी-मोटी समस्याएं बनी रहती हैं।



