Ward Parikrama: तिलक वार्ड बदहाल : नालियां गायब, सड़कें खस्ताहाल, घरों में घुस रहा गंदा पानी

दो वर्षों से वर्कऑर्डर, नहीं बनी सड़क, वार्डवासियों में आक्रोष
Ward Parikrama: बैतूल। शहर के बीचों-बीच स्थित नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 9 तिलक वार्ड के रहवासी वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वार्ड में न तो समुचित नालियों का निर्माण हो पाया है और न ही सड़कों की हालत सुधर सकी है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकराल हो जाती है, जब नालियों के अभाव में गंदा पानी सीधे लोगों के घरों में घुस जाता है। इससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड की समस्याओं को लेकर कई बार पार्षद से शिकायत की गई, जनसुनवाई में आवेदन दिए गए, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्डवासियों का कहना है कि चुनाव के दौरान विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं। नागरिकों का आरोप है कि कांग्रेस पार्षद अब्दुल नफीस को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने तक की जरूरत नहीं समझी।
सबसे अधिक परेशानी कोठीबाजार मुख्य सड़क से वार्ड के अंदर जाने वाले मार्ग को लेकर है। यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले इस सड़क के डामरीकरण का वर्क ऑर्डर जारी हो चुका था और निर्माण कार्य का ठेका घोड़ाडोंगरी की एक निर्माण एजेंसी को दिया गया था। इसके बावजूद आज तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हो सका।
वार्डवासियों का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही और नगर पालिका अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा जनता भुगत रही है। गर्मी में धूल के गुबार और बरसात में कीचड़ व जलभराव से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क और नाली निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या से राहत मिल सके। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि कब तक इस बदहाली पर ध्यान देते हैं।

क्या कहते हैं वार्डवासी
वार्ड में नाली सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। कई महीनों से नालियों की सफाई नहीं हुई है, जिससे गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई कर्मचारी भी कई-कई दिनों तक सफाई करने नहीं आते। इस संबंध में कई बार वार्ड पार्षद से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
राजू जोंदलेकर, वार्डवासी

वार्ड में नालियां नहीं बनने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बारिश के दिनों में होती है। कई स्थानों पर सड़कें भी नहीं बनी हैं। नगर पालिका में शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। आए दिन वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
फहीम खान, वार्डवासी

भीषण गर्मी के दिनों में पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। इस संबंध में वार्ड पार्षद और मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में भी शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। चार से पांच दिनों के अंतराल में पानी की सप्लाई हो रही है। पार्षद एक बार भी लोगों की समस्या जानने नहीं पहुंचे।
राशीदा शाह, वार्डवासी

नालियां नहीं होने के कारण बारिश के दौरान घरों में पानी घुस जाता है। यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। चुनाव के समय पार्षद ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकल पाया। वर्षों से सड़कों का निर्माण नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में भी परेशानी होती है।
नजमा बी, वार्डवासी

नगर पालिका से लड़-झगड़कर करना पड़ता है काम : पार्षद
मैं कांग्रेसी पार्षद हूॅ इसीलिए बजट का आभाव है। नगर पालिका से लड़-झगड़कर वार्ड में काम करवाना पड़ता है। फिर भी मैने वार्ड में कई जगह नाली, सड़क, पेविंग ब्लॉक का काम करवाया है। वार्ड में ऐसी कोई बड़ी समस्या नहीं है कि जिसका समाधान नहीं किया हो। नगर पालिका की गलतियों के कारण कुछ जगह सड़कों का निर्माण कार्य नहीं हो सका।




