Betul News: निर्माण कार्य में देरी पर पीसीसीएम ने लगाई फटकार

बैतूल और घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ काम में तेजी लाने के निर्देश

Betul News: बैतूल। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बैतूल और घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों में देरी को लेकर रेलवे के पीसीसीएम प्रभात कुमार झा ने नाराजगी जताई। बुधवार को दोनों रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करने पहुंचे पीसीसीएम ने निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। काम में विलंब मिलने पर उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

साथ ही स्टेशन परिसर में साफ-सफाई और निर्माण के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। पीसीसीएम ने सबसे पहले घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। यहां भी निर्माण कार्यों में देरी सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार करने और काम समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

तीन साल से अधूरा लिफ्ट निर्माण, यात्रियों को परेशानी

घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री दीपक रामजीलाल उईके ने पीसीसीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें स्टेशन पर लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि स्टेशन पर पिछले तीन वर्षों से लिफ्ट का काम अधूरा है, जिसके कारण दिव्यांग यात्रियों सहित अन्य जरूरतमंद यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, जबलपुर-अमरावती एक्सप्रेस और समता एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा स्टेशन पर बड़े स्तर पर खाद का परिवहन होने का हवाला देते हुए रैक प्वाइंट को समय पर खाली कराने की मांग की गई। रैक प्वाइंट खाली नहीं होने से माल परिवहन में परेशानी होने की बात भी ज्ञापन में कही गई।

बैतूल स्टेशन पर भी काम की धीमी गति पर नाराजगी

घोड़ाडोंगरी स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद पीसीसीएम दोपहर में बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने प्लेटफार्म क्रमांक एक पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर उन्होंने ठेकेदार के प्रति नाराजगी जताई और काम में तेजी लाकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

पीसीसीएम ने स्टेशन पर निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा। बैतूल रेलवे स्टेशन पर करीब 45 मिनट तक निरीक्षण करने के बाद पीसीसीएम अगले स्टेशन के लिए रवाना हो गए। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में तेजी लाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button