Betul News: 9 साल से निभा रहे बेजुबानों से प्रेम का रिश्ता, हर रात 100 से अधिक स्ट्रीट डॉग्स को खिलाते हैं भोजन

आंधी, बारिश या त्योहार… नहीं टूटता सेवा का सिलसिला, अपने खर्च पर कर रहे अनूठी पहल
Betul News: बैतूल। शहर में जहां अधिकांश लोग आवारा पशुओं और स्ट्रीट डॉग्स को नजरअंदाज कर आगे बढ़ जाते हैं, वहीं नगर के गौठाना निवासी प्रदीप जावलकर पिछले नौ वर्षों से बेजुबान जीवों की सेवा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणा बन गया है। प्रदीप जावलकर प्रतिदिन रात के समय शहर के 100 से अधिक स्ट्रीट डॉग्स को भोजन कराते हैं और यह क्रम बिना किसी रुकावट के लगातार जारी है।
विशेष बात यह है कि मौसम चाहे कैसा भी हो। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश, कड़ाके की ठंड या फिर कोई तीज-त्योहार, प्रदीप का सेवा कार्य कभी नहीं रुकता। जब अधिकांश लोग अपने घरों में रहते हैं, तब प्रदीप रात के समय भोजन की व्यवस्था कर शहर की सड़कों पर निकल पड़ते हैं। बैतूल टाउन से लेकर लल्ली चौक तक विभिन्न स्थानों पर रहने वाले स्ट्रीट डॉग्स को वे अपने हाथों से भोजन कराते हैं।
प्रदीप जावलकर बताते हैं कि वे दूध, चावल और रोटी को मिलाकर विशेष रूप से भोजन तैयार करते हैं। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर पात्रों में भोजन परोसते हैं, ताकि बेजुबान जीवों को पर्याप्त भोजन मिल सके। वर्षों से लगातार मिल रहे स्नेह और अपनत्व के कारण अब अधिकांश स्ट्रीट डॉग्स उन्हें पहचानने लगे हैं।

नाम लेकर बुलाते हैं तो दौड़े चले आते
प्रदीप और इन बेजुबानों के बीच एक भावनात्मक रिश्ता भी बन चुका है। उन्होंने कई स्ट्रीट डॉग्स के नाम रखे हुए हैं। जब वे उन्हें नाम लेकर पुकारते हैं तो कुत्ते दूर से ही उन्हें पहचानकर दौड़े चले आते हैं। प्रदीप भी उन्हें दुलारते हैं और बड़े प्यार से भोजन कराते हैं। शहर के कई लोग इस दृश्य को देखकर भावुक हो जाते हैं।
मानवता और पशु प्रेम का अनूठा उदाहरण
समाज में पशु प्रेम और संवेदनशीलता का संदेश देने वाले प्रदीप जावलकर का मानना है कि बेजुबान जीव भी प्रेम और देखभाल के हकदार हैं। वे कहते हैं कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के एक-दो पशुओं की भी जिम्मेदारी उठा ले तो कोई भी जीव भूखा नहीं रहेगा। उनका यह प्रयास केवल भोजन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और करुणा का भाव जागृत करने का भी माध्यम बन रहा है।
सेवा कार्य में सहभागिता की अपील
प्रदीप जावलकर ने शहर के पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों से इस सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि स्ट्रीट डॉग्स और अन्य बेजुबान जीवों की देखभाल केवल एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। यदि अधिक लोग आगे आएं तो इस सेवा कार्य को और व्यापक बनाया जा सकता है।
लगातार नौ वर्षों से बिना किसी स्वार्थ और प्रचार की इच्छा के किया जा रहा यह कार्य मानवता, करुणा और पशु प्रेम का एक जीवंत उदाहरण है। प्रदीप जावलकर की यह पहल न केवल बेजुबान जीवों के लिए सहारा बनी हुई है, बल्कि समाज को संवेदनशील बनने का संदेश भी दे रही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




