Betul Sonography Machine : सोनोग्राफी मशीन है, लेकिन डॉक्टर नहीं

डेढ़ साल से प्रभावित सामान्य मरीजों की जांच सुविधा
Betul Sonography Machine : बैतूल। जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टर के अभाव में सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों को पिछले डेढ़ वर्ष से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में आने वाले दर्जनों मरीजों को जांच के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें महंगी कीमत चुकानी पड़ती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च बड़ी समस्या बन गया है।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में पहले रेडियोलॉजिस्ट डॉ. यू.सी. यादव अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने कई वर्षों तक मरीजों की सोनोग्राफी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई। हालांकि 31 दिसंबर 2023 को उनके सेवानिवृत्त होने के बाद से अब तक इस पद पर किसी नए विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप सामान्य रोगों की सोनोग्राफी सुविधा लगभग ठप पड़ी हुई है।
केवल गर्भवती महिलाओं को ही मिल रही सुविधा
वर्तमान में अस्पताल में केवल गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी की ही व्यवस्था है। सामान्य मरीजों को पेट दर्द, किडनी, लीवर, पित्ताशय, थायरॉयड और अन्य बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को निजी सेंटरों पर जाना पड़ रहा है। वहां उन्हें एक हजार रुपये या उससे अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है, जबकि जिला अस्पताल में यही सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध हो सकती थी।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति के लिए अस्पताल प्रबंधन द्वारा शासन और संबंधित अधिकारियों को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक नियुक्ति नहीं होने से मरीजों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। रोजाना अस्पताल पहुंचने वाले कई मरीज जांच नहीं होने के कारण या तो निजी सेंटरों का रुख करते हैं या फिर आर्थिक तंगी के चलते जांच टाल देते हैं, जिससे समय पर बीमारी का पता नहीं चल पाता।
स्थानीय लोगों और मरीजों ने शासन से जल्द से जल्द रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति करने की मांग की है। उनका कहना है कि जिला अस्पताल में मशीन होने के बावजूद उसका पूरा लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति होने से न केवल गरीब मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।
इनका कहना….
अस्पताल में गर्भवती महिलाओ को ही सुविधा दी जा रही है, अन्य मरीजों की जांच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। उच्च अधिकारियों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है, डॉक्टर उपलब्ध होते ही सुविधा शुरू की जाएगी।
डॉ जगदीश घोरे, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल बैतूल




