Betul News: कालेज रोड पर हर 50 मीटर पर डिवाइडर में छोड़ दिया स्पेस
Betul News: Space left in divider every 50 meters on College Road

बेतरतीब डिवाइडर बनने से रोज हादसों का अंदेशा, नियमों का भी नहीं रखा गया ध्यान…
Betul News:(बैतूल)। कालेज चौक से होटल आभाश्री तक पहले चरण में बन रही शहर की सबसे अच्छी सडक़ पर बनने वाले डिवाइडर विवादों का कारण बन गए हैं। ठेकेदार द्वारा अब तक नागरिक बैंक के आगे तक डिवाइडर बनाए हैं। महज 150 मीटर सडक़ पर ठेकेदार हर क्रासर को छोडऩे के लिए स्पेस दे दिया है। डिवाइडर बनाने के दौरान लगभग 8-9 जगह स्पेस छोडऩे से लोगों में आक्रोश भी पनप रहा है। दूसरी तरफ जगह-जगह स्पेस छोडऩे से भविष्य में हादसे होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।
करीब 1 करोड़ की लागत से जेएच कालेज से प्राइमरी तक की सडक़ स्वीकृत हुई थी। हालांकि नगरपालिका ने होटल आभाश्री से प्राइमरी स्कूल की सडक़ का काम शुरू नहीं किया है, लेकिन कालेज चौक से काम शुरू होने के बाद डिवाइडर का काम पिछले डेढ़ माह से चल रहा है, लेकिन कछुआ चाल में से अब तक महज 150 मीटर क्षेत्र में ही इसका निर्माण हो पाया है। इसे तकनीकी जानकार मजबूती और अच्छे से काम करने का कह रहे हैं, लेकिन काम की लेटलतीफी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
डिवाइडर में जगह-जगह छोड़ा स्पेस(Betul News)
नगरपालिका द्वारा कालेज चौक से होटल आभाश्री तक बनने वाले डिवाइडर में जगह-जगह स्पेस छोड़ दी गई है। इस वजह भविष्य में बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि इसमें ठेकेदार की पूरी गलती नहीं की जा सकती है, क्योंकि नगरपालिका के अधिकारियों की देखरेख में पूरा काम किया जा रहा है। इतना जरूर है कि ठेकेदार ने डिवाइडर में जगह छोडऩे को लेकर नपा के अधिकारियों से नहीं पूछा। मुख्य मार्ग पर मुडऩे वाली सडक़ पर ठेकेदार ने जगह छोड़ दी। इसकी शुरुआत जेएच कालेज के गेट से हुई फिर दत्त मंदिर सिविल लाइन, संजय कालोनी पहुंच मार्ग, सिविल लाइन में डोनीवाल कांप्लेक्स पहुंच मार्ग, एसपी आवास पहुंच मार्ग, नागरिक बैंक के आगे तक करीब 7-8 जगह की स्पेस छोड़ दी गई है। अभी सडक़ का काम आभाश्री तक नहीं हुआ है। यदि इसी तरह डिवाइडर में जगह छोड़ी गई तो एक सडक़ पर सर्वाधिक स्पेस छोडऩे का रिकार्ड इस आदर्श सडक़ पर हो सकता है।
दूसरी ओर से भी निकल रहे वाहन, हादसे की संभावना(Betul News)
देखने में आ रहा है कि ठेकेदार द्वारा डिवाइडर बनाने का काम किया जा रहा है, लेकिन जिस तरफ काम करते हैं, उस क्षेत्र को बंद नहीं करने से वाहन चालक मन से गलत साइड से वाहन निकाल रहे हैं। यही वजह है कि डिवाइडर बनने के पहले ही इसमें हादसे की संभावना दिखाई दे रही है। बची कसर दोनों ओर अतिक्रमण कर लगाए गए पानठेलों ने पूरी कर ली है। बड़े वाहन अभी से दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। डिवाइडर का काम पूरा होने पर और भी बड़े हादसे होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। आम लोगों की नाराजगी भी डिवाइडर के कारण सामने आ रही है।
इनका कहना…
डिवाइडर पर जगह अधिक छोड़ी गई है। हमे भी शिकायत मिली है। ठेकेदार को निर्देशित कर व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ नपा, बैतूल।





