Ward Parikrama: गांधी वार्ड में साप्ताहिक बाजार-जर्जर सड़कें लोगों के लिए मुसीबत

व्यवसायिक क्षेत्र होने के बावजूद लोगों को नहीं मिल रही मूलभूत सुविधाएं

Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 गांधी वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी और खराब सड़कों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। वार्ड के रहवासी आज भी बेहतर सड़क, साफ-सफाई और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए परेशान हैं। यह वार्ड एक प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां सीमेंट रोड के आसपास रविवार और गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगाया जाता है।

साप्ताहिक बाजार के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो जाती है, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से दुकानें लगने के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार तो हालात ऐसे हो जाते हैं कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस या अन्य वाहनों को निकलने के लिए भी जगह नहीं मिलती। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और उनका व्यवसाय प्रभावित होता है।

वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार बाजार व्यवस्था को सुधारने और यातायात को सुचारू करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा वार्ड की सड़कें वर्षों से जर्जर अवस्था में हैं और कई स्थानों पर गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है।

नालियों की समस्या भी कई जगह बनी हुई है, जिससे जल निकासी ठीक से नहीं हो पाती और गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। इससे गंदगी और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान कई वादे किए गए थे, लेकिन जमीन पर बदलाव बहुत कम दिखाई दे रहा है।

पूर्व में कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार यादव यहां से नगर पालिका चुनाव जीते थे, वे लगातार अस्वस्थ्य होने के कारण अधिक ध्यान नहीं दे पाए। उनके आकस्मिक निधन के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के वरुण धोटे ने जीत दर्ज की। वर्तमान कार्यकाल को लगभग डेढ़ वर्ष हो चुका है, लेकिन वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य अभी भी अधूरे हैं।

क्या कहते है वार्डवासी

वार्ड में कई वर्ष हो गए सड़क का निर्माण नहीं हो सका। सड़क नहीं बनने के कारण सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नालियां कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई, साफ-सफाई का काम नहीं होता। कई बार पार्षद अपनी समस्या से अवगत कराया केवल आश्वासन ही मिला। मूलभूत सुविधाएं नदारद होने से वार्डवासी बहुत परेशान है।

ओमकार श्रीवास, वार्डवासी

वार्ड में सड़क और नाली की समस्या बनी है। सड़क नहीं होने से बारिश के समय सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वार्ड में सड़क का निर्माण होना चाहिये। मैनें पार्षदऔर नगरपालिका को पट्टे के लिए आवेदन किया था। दो-तीन वर्ष बीत गए, लेकिन जमीन का पट्टा नहीं मिल सका। पट्टा नहीं मिलने से परेशान होना पड़ रहा है।

कुंदन रैकवार, वार्डवासी

साप्ताहिक बाजार के कारण पल-पल पर जाम की स्थिति निर्मित होती है। सड़क पर दुकाने लगने के कारण एम्बूलैंस निकलने के लिए जगह तक नहीं मिलती। बाजार को व्यवस्थित किया जाना चाहिये, ताकि किसी को परेशानियों का सामना ना करना पड़े। साप्ताहिक बाजार के कारण कई लोग परेशान रहते है।

दिनेश सोनी, व्यवसायी

गांधी वार्ड व्यवसायिक क्षेत्र में बाजार व्यवस्थित नहीं लगने से सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दुकान संचालक मनमर्जी से कहीं भी सड़क पर दुकाने लगा लेते है, जिससे आवाजाही में परेशानी होती है। दूसरी कोई बड़ी समस्या नहीं है। बाजार व्यवस्थित हो जाएगा तो स्थानीय दुकान संचालकों को भी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

विनय सुराना, व्यवसायी

एसओआर बदलने से नहीं हो सका काम : पार्षद

मैने वार्ड में सड़क और नालियों के निर्माण के लिए फाईल लगाई थी, अचानक एसओआर बदलने से फिर से फाईल लगाना पड़ा, इस कार्य में देरी हो गई। जिसके कारण देड़ वर्ष के भीतर कोई कामकाज नहीं कर सके। सड़क-नाली निर्माण के लिए टेंडर हो गए है। जून के आखरी तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे। साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करने के लिए कई बार नगर पालिका की बैठक में मांग उठाई, लेकिन कुछ नहीं हो सका। मैंने विधाायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयास से वार्ड में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाने अस्थाई रूप से 22 सफाई कर्मचारियों को लगवाया है।

वरूण धोटे, पार्षद गांधी वार्ड, बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button