Betul News: स्टेडियम में चोरी की बिजली से रोशन होगी गरबे की रात

Betul News: Garba night will be lit with stolen electricity in the stadium

शास्त्री स्टेडियम में पहले गरबे की अनुमति दी, फिर नपा के कनेक्शन से दो दिनों से जलाए दर्जन लाइट

Betul News: बैतूल। खिलाड़ियों के लिए एक मात्र लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम का उपयोग इन दिनों खेल गतिविधियों के अलावा अन्य आयोजनों के लिए किया जा रहा है। इससे खिलाड़ियों में पहले ही आक्रोश व्याप्त है। अब नगरपालिका की एक लापरवाही की एक और वजह सामने आई है।

दरअसल, 5 और 6 अक्टूबर को ब्राइट एजुकेशन डेव्लेपमेंट फाउंडेशन नर्मदापुरम के स्थानीय प्रमुख निलेश गिरी गोस्वामी को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में गरबा आयोजन की अनुमति दे दी गई। इसके लिए आयोजकों ने दो दिन पहले से स्टेडियम पर कब्जा कर पूरी सामग्री लाकर रख दीं। इससे खिलाड़ियों को भारी असुविधा हुई। इस बीच पिछले दो दिनों से यहां पर टेस्टिंग के नाम शौचालय के ऊपर नपा के बिजली कनेक्शन से बिजली चोरी कर कई लाइट और साउंड सिस्टम की टेस्टिंग की गई। इससे बड़ी चूक उजागर हुई है।

सूत्र बताते हैं कि लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में 5 और 6 अक्टूबर देकर खुद नपा विवादों में घिर गई है। इस स्टेडियम में ना सिर्फ क्रिकेट बल्कि फुटबॉल, बॉस्केटबॉल के लिए हर दिन सैकड़ों खिलाड़ी प्रेक्टिस के लिए पहुंचते है, लेकिन दो दिनों से गरबे की सामग्री स्टेडियम में आयोजकों ने लाकर डाल दी है। जबकि ब्राइट एजुकेशन डेव्लेपमेंट फाउंडेशन को केवल 5 और 6 अक्टूबर की ही अनुमति दी गई थीं। नपा ने 20 सितंबर को यह अनुमति दी जरूर, लेकिन समिति द्वारा 8-9 अक्टूबर के लिए अनुमति मांगी गई। चूंकि उस तिथि के पहले यहां पंजाब सेवा समिति के बैनर तले दशहरा उत्सव के आयोजन की तैयारी शुरु हो जाती है, इसलिए अनुमति ना दी जाकर समिति के सदस्यों से चर्चा करने के बाद गरबे की अनुमति दी गई।

शर्तों का भी उल्लंघन, कई जगह खुदाई भी

नपा ने स्टेडियम आवंटन के लिए केवल दो दिन की अनुमति दी है। इसमें 10 हजार रुपए की राशि निकाय कोष में जमा कराने के निर्देश दिए थे। नपा ने स्टेडियम में खुदाई ना करने और घास को नुकसान ना पहुंचाने की हिदायत भी दी थी, लेकिन आयोजकों ने सारे नियमों को दरकिनार कर दिया। गरबे के लिए पहले ही कई बेरिकेड्स स्टेडियम में पहुंचा दिए और एरिना बनाने के लिए गड्ढे भी कर दिए गए। इससे घास को खासा नुकसान पहुंचाया है। खिलाड़ियों ने इसको लेकर आपत्ति जताई, लेकिन गरबा समिति राजनीति से जुड़ी होने के कारण नपा ने कार्रवाई करना तक उचित नहीं समझा।

Betul News: स्टेडियम में चोरी की बिजली से रोशन होगी गरबे की रात

 

दो दिन से खुलेआम बिजली चोरी

ब्राइट एजुकेशन डेव्लेपमेंट के निलेश गिरी गोस्वामी दावा कर रहे है कि गरबे के लिए सारे नियमों का पालन किया जा रहा है। जब उनसे बिजली चोरी के संबंध में चर्चा की गई तो वे दो घंटे तक रसीद उपलब्ध नहीं करा सकें। इससे साबित हो गया है कि शास्त्री स्टेडियम के शौचालय के पास नपा द्वारा फ्लड लाइट और पानी की मोटर के लिए लिए कनेक्शन से पिछले दो दिनों से पूरी रात आधा सैकड़ा से अधिक हैलोजन जलाए जा रहे। शनिवार सुबह कई खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉक पर गए लोगों ने यह नजारा आंखों से देखा।

दो दिन से ना सिर्फ रात बल्कि दिन में भी आधा सैकड़ा लाइट चोरी की बिजली से जलाते रहे। नपा के जिम्मेदार ना तो स्टेडियम जाकर देखा और ना ही कोई कार्रवाई की। उधर, नपा अधीक्षक हुद्दार ने दोपहर 2.30 बजे बताया था कि आयोजकों से चर्चा हुई है। बिजली की रसीद उपलब्ध करा रहे है। लेकिन 3.30 बजे तक उनका मोबाइल बंद था। फिर उन्होंने बताया कि संबंधितों ने कोई रसीद उपलब्ध नहीं कराई। मुझे कार्रवाई का अधिकार नहीं है। राजस्व निरीक्षक को बिजली चोरी के बारे में कार्रवाई के लिए कह सकता हूं।

खिलाड़ियों में आक्रोश, कई बैरंग लौटे

स्टेडियम में गरबे की अनुमति दिए जाने से खिलाड़ियों में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। इस समय शाम 4 बजे से 6 बजे तक क्रिकेट एकेडमी द्वारा करीब एक सैकड़ा बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, लेकिन स्टेडियम में गरबे की अनुमति दिए जाने से मायूस होकर वापस लौट जा रहे है। खिलाड़ियों के अलावा उनके पालकों में भी खासा रोष व्याप्त है। दूसरी ओर समिति ने सभी गेट पर परदे लगाकर आवागमन भी प्रतिबंधित कर दिया है। इससे मॉर्निंग वॉक और अनेक खिलाड़ियों को असुविधा हुई और वे बेरंग लौट गए। खेल प्रेमियों ने भी इस तरह के आयोजन के लिए स्टेडियम की अनुमति देने पर आक्रोश व्यक्त किया है।

इनका कहना…

स्टेडियम के लिए अनुमति नपा अधीक्षक ने दी है। इस बारे में आप उनसे चर्चा कर लीजिए।

ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ नपा बैतूल

शर्तों के आधार पर हमने आयोजन समिति को पंजाब सेवा समिति के सदस्यों से चर्चा कर 5 और 6 अक्टूबर की अनुमति दी है। यदि बिजली चोरी कर रहे हैं तो इसके लिए रसीद मांगी गई है, लेकिन उन्होंने उपलब्ध नहीं कराई।

विजय हुद्दार, अधीक्षक नपा बैतूल

हमने सारे काम नियमों से किए है। नपा से अनुमति लेकर स्टेडियम दो दिन के लिए किराए से लिया है। बिजली के लिए हमने कनेक्शन लिया है।

निलेश गिरी गोस्वामी, अध्यक्ष ब्राइट एजुकेशन सोसायटी

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button