Betul Breaking News: केंद्रीय मंत्री उइके के आग्रह पर 18 को बैतूल आएगी राष्ट्रपति

ब्रह्म कुमारी के आध्यात्मिक जागृति सशक्तिकरण महासम्मेलन में होगी शामिल, अधिकारियों ने स्थल का किया निरीक्षण
Betul Breaking News: बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित बैतूल प्रवास को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में 18 जून को ब्रह्मकुमारी संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाले आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे एवं पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि 25 मई को स्थानीय सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का आग्रह किया था। 2 जून को राष्ट्रपति के निज सहायक ने कार्यक्रम संबंधित सूचना राज्य शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को भेजा है। इसके बाद अधिकारी अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
गुरुवार को दोपहर राष्ट्रपति के आगमन को लेकर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर प्रस्तावित व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने ब्रह्मकुमारी संस्थान के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के स्वरूप, अतिथियों की उपस्थिति, मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, आपातकालीन व्यवस्थाओं और आम नागरिकों की सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के अनुरूप समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के बाद कलेक्टर एवं एसपी ने पुलिस ग्राउंड पहुंचकर राष्ट्रपति के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया।
यहां उन्होंने हेलीपैड निर्माण, सुरक्षा घेरा, यातायात प्रबंधन और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। गौरतलब है कि 18 जून को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जनजातीय समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्थान को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की प्रस्तावित उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन, पुलिस तथा संबंधित विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

पूरे प्रदेश से शामिल होंगे लोग
जानकार सूत्रों की माने तो ब्रह्मकुमारी के इस कार्यक्र म में राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन के बाद काफी उत्साह है। ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विद्यालय ने पूर्व में भी 20 जून की तारीख इस कार्यक्रम को आयोजित करने का निर्णय लिया था, लेकिन राष्ट्रपति कार्यालय से 18 जून की अनुमति देने के बाद वृहद स्तर पर कार्यक्रम में शामिल करने के लिए लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम फिलहाल लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में होना तय हुआ है। इसके मद्देनजर तैयारियां की जा रही है। बह्मकुमारी आश्रम बैतूल की मंजू बहन के मुताबिक कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां की जा रही है।




