Tapti Barrage: ताप्ती बैराज के ट्रांसफार्मर की केबल में आग, शहर की जलापूर्ति ठप

बार-बार बिजली ट्रिपिंग से गहराया पानी का संकट, कारणों की जांच शुरू
Tapti Barrage: बैतूल। ताप्ती बैराज क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से जुड़ी केबल में आग लगने के कारण शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई। बैराज से फिल्टर प्लांट तक पानी नहीं पहुंच पाने के चलते शहर की पानी की टंकियां नहीं भर सकीं और कई इलाकों में लोगों को निर्धारित समय पर पानी नहीं मिल सका। अचानक जलापूर्ति बंद होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और वे लंबे समय तक पानी आने का इंतजार करते रहे।

फिल्टर प्लांट तक नहीं पहुंचा पानी
जानकारी के अनुसार ताप्ती बैराज से शहर के लिए पानी की आपूर्ति की जाती है। बैराज के समीप लगी बड़ी मोटर की केबल में आग लगने से मोटर बंद हो गई, जिसके कारण बैराज से फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंचना रुक गया। फिल्टर प्लांट में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के कारण शहर की विभिन्न टंकियों में भी जलभराव नहीं हो सका और सप्लाई प्रभावित हो गई।
आग लगने के कारणों की हो रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका प्रशासन ने कर्मचारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने केबल में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि आग तकनीकी खराबी से लगी या फिर किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर लगाई गई। इस संबंध में बैराज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
बिजली की बार-बार ट्रिपिंग भी बनी परेशानी
नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि केवल केबल में आग लगना ही समस्या का कारण नहीं है, बल्कि बिजली आपूर्ति का बार-बार बाधित होना भी जलापूर्ति व्यवस्था पर असर डाल रहा है। बैराज और फिल्टर प्लांट दोनों स्थानों पर बिजली लाइन बार-बार ट्रिप होने से मोटरों का संचालन प्रभावित हो रहा है। रविवार को फिल्टर प्लांट की लाइन कई बार ट्रिप हुई, जबकि बैराज क्षेत्र में लगभग तीन घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही। इससे पानी को बैराज से फिल्टर प्लांट और वहां से टंकियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई।
मरम्मत कार्य जारी, जल्द बहाल होगी सप्लाई
नगर पालिका के सहायक यंत्री (एई) नीरज धुर्वे ने बताया कि ताप्ती बैराज के पास नाले में केबल में आग लगने से बड़ी मोटर की केबल जल गई थी। तकनीकी टीम द्वारा मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली लाइन की लगातार ट्रिपिंग भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। नगर पालिका ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की।




