Betul News: सीट विवाद बना जानलेवा, बोरदेही रेलवे स्टेशन पर युवक की पीटकर हत्या

ट्रेन में कहासुनी के बाद स्टेशन पर बुलाए साथियों के साथ मिलकर हत्या का आरोप
Betul News: बैतूल/आमला (सांझवीर टाईम्स)। जिले के बोरदेही रेलवे स्टेशन पर रविवार रात ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। छिंदवाड़ा निवासी 25 वर्षीय अली खान की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह रेलवे स्टेशन परिसर में उसका शव मिलने के बाद जीआरपी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार बताए जा रहे हैं हालांकि पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अली खान अपने दोस्तों जयंत विश्वकर्मा, शिवम मालवीय और यश उर्फ रिक्की के साथ ट्रेन से यात्रा कर रहा था। अली नागपुर में नौकरी करता था और अपने दोस्तों के साथ घूमने के उद्देश्य से निकला था। यात्रा के दौरान सभी सामान्य रूप से सफर कर रहे थे। मृतक के साथियों के मुताबिक परासिया स्टेशन के पास ट्रेन में सीट पर बैठने की बात को लेकर अली खान का एक अन्य युवक से विवाद हो गया था।
दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक कहासुनी हुई, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया और ट्रेन अपने गंतव्य की ओर बढ़ गई। हालांकि दोस्तों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवक ने विवाद को गंभीरता से लेते हुए अपने साथियों को बोरदेही रेलवे स्टेशन बुला लिया।
स्टेशन के प्लेटफार्म पर किया जान लेवा हमला
आरोप है कि बोरदेही स्टेशन पहुंचने के बाद अली खान पर ट्रेन से नीचे उतारकर प्लेटफार्म पर ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया और उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह स्टेशन पर शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि युवक की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




