Betul Ki Khabar: दो माह बाद भी ‘पावर’ का इंतजार नाम के ही रह गए एल्डरमेन

पुलिस वेरिफिकेशन पूरा, फिर भी नियुक्ति पत्र अटका; चुनाव नजदीक आने से बढ़ी बेचैनी
Betul Ki Khabar: बैतूल (सांझवीर टाईम्स)। जिले की नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में नामांकित किए गए एल्डरमेन इन दिनों ‘नाम के जनप्रतिनिधि’ बनकर रह गए हैं। शासन स्तर पर करीब दो माह पहले घोषित किए गए एल्डरमेन अब तक नियुक्ति पत्र और अधिकार नहीं मिलने से हताशा का शिकार हो रहे हैं। स्थिति यह है कि पुलिस वेरिफिकेशन जैसी जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद मामला अब भी ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक जिले की विभिन्न निकायों में कुल दो दर्जन एल्डरमेन नामांकित किए गए थे। इनमें 8 महिलाएं और 16 पुरुष शामिल हैं। इन्हें निकाय की बैठकों में भाग लेने, विकास कार्यों की निगरानी करने और शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी हैं। लेकिन नियुक्ति पत्र जारी नहीं होने से वे अब तक अधिकारिक रूप से अपनी भूमिका शुरू नहीं कर सके हैं।
वेरिफिकेशन पूरा, फिर भी आदेश गायब
नियमों के तहत 3 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सभी नामांकित एल्डरमेन का पुलिस वेरिफिकेशन कर सूची कलेक्ट्रेट भेज दी गई थी। इसके बाद उम्मीद थी कि जल्द ही भोपाल स्तर से गजट नोटिफिकेशन जारी होगा और नियुक्ति पत्र मिल जाएंगे। लेकिन एक माह से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद भी कोई आदेश जारी नहीं हुआ।
सूत्रों के मुताबिक कलेक्ट्रेट से रिपोर्ट भोपाल भेजी जानी थी, लेकिन प्रक्रिया किस स्तर पर अटकी है, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पा रही है। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे से चर्चा करने का प्रयास किया गया, लेकिन बैठक में व्यस्त होने के कारण विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी।
उपहास का कारण बन रही देरी
नामांकित एल्डर मैनों का कहना है कि वे पार्टी की रीति-नीति के अनुसार पूरी सक्रियता से जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं, लेकिन अधिकार नहीं मिलने से वे जनता के बीच उपहास का विषय बनते जा रहे हैं। कई एल्डरमेन ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि लोगों के सवालों का जवाब देना भी मुश्किल हो रहा है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगले वर्ष निकाय चुनाव होने हैं। ऐसे में यदि नियुक्ति प्रक्रिया में और देरी हुई तो फील्ड में काम करने के लिए उन्हें बहुत कम समय मिलेगा। फिलहाल जिले के सभी नामांकित एल्डरमेन अपने नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




