Betul News: रविंद्र के परिवार को 4 दिनों बाद सांत्वना देने पहुंचे सांसद और विधायक
Betul News: MPs and MLAs arrived to console Ravindra's family after 4 days

सोशल मीडिया पर अपलोड हो रही पोस्ट से आहत है परिजन, एसडीओपी से की चर्चा
Betul News: बैतूल/सारनी। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रविन्द्र देशमुख आत्महत्या मामले में 4 दिन बाद बैतूल सांसद, विधायक और आमला विधायक परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। दरअसल एक दिन पहले ही मृतक के परिवार ने भाजपा नेताओं के प्रति नाराजगी जाहिर की थी। परिजन ने कहा था कि जिस भाजपा के लिए दिन- रात रविंद्र काम करता था और पार्टी को मजबूती दिलाने पूरे समय सक्रिय रहता था। उसके निधन के तीन दिन बाद भी कोई देखने तक नहीं आया। जबकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री तक दु:ख साझा करने आ गए। सांझवीर टाईम्स ने भी पीड़ित परिवार का दर्द गतांग में प्रकाशित किया था।
इसी का असर है कि भाजपा नेताओं को जैसे ही मृतक परिवार की नाराजगी की जानकारी लगी। वैसे ही दूसरे दिन सांसद दुर्गादास उईके, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक योगेश पंडाग्रे कार्यकर्ताओं के साथ रविंद्र देशमुख के परिवार से मिलने पहुंचे और सांत्वना व्यक्त कर निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कारवाई का भरोसा दिलाया। इतना ही नहीं रविंद्र के परिवार से सांसद, विधायक ने पुलिस की मौजूदगी में बंद कमरे करीब 20 मिनट चर्चा की। इसके रविंद्र के बेटे को अंदर बुलाया। आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस ने त्योहार का हवाला देकर जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
सोशल मीडिया पर अपलोड पोस्ट से आहत
सांत्वना देने पहुंचे सांसद, विधायक के समक्ष मृतक के पिता ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा सोशल मीडिया पर अपलोड की जा रही पोस्ट से मैं आहत हूं। जिन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज है, वहीं लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट अपलोड कर रहे हैं। सभी लोग ऑनलाइन है फिर भी पुलिस गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं कर रही। गौरतलब है की सुसाइड नोट लिखकर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ने 7 अक्टूबर को अपनी कनपटी पर गोली मार ली थी। इसके ठीक 27 दिन पहले इसी मामले से जुड़े कोलकर्मी अनिल खवसे ने आत्महत्या की थी। अब इस मामले में कोई और अनहोनी नहीं हो जाए। इसको लेकर पुलिस, प्रशासन और जनप्रतिनिधि सक्रिय है।
परिजन की नाराजगी के बाद एसडीओपी से चर्चा
परिजनों की पीड़ा और नाराजगी के बाद बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल और आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने एसडीओपी रोशन कुमार जैन से अलग से बुलाकर बैठक की। सूत्रों के मुताबिक दोनों विधायकों ने उन्हें सख्त निर्देश दिए कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए और जो सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर माहौल खराब कर रहे हैं उन पर भी तत्काल कार्रवाई करें। इधर बैठक के बाद सांझवीर टाईम्स को डॉ पंडाग्रे ने बताया कि हमने रविंद्र देशमुख के परिजनों को विश्वास दिलाया है कि पार्टी उनके साथ है। जो भी बन पड़ेगा, पार्टी जरूर करेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस को पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के दोबारा निर्देश दिए है। जांच में जो भी दोषी होगा उन पर कार्रवाई की जाएगी।




