Betul News: लाखों खर्च के बाद बदली योजना, अब हरियाली विकसित करने की तैयारी
अभिनंदन सरोवर पर मॉर्निंग वॉक की जगह होगा पौधारोपण, उठ रहे कई सवाल

Betul News: बैतूल। शहर के चर्चित अभिनंदन सरोवर परिसर में मॉर्निंग वॉक ट्रैक बनाने की योजना अब बदलती नजर आ रही है। पूर्व नपा सीएमओ प्रियंका बघेल के कार्यकाल में यहाँ इस योजना ने जन्म लिया था। तालाब के चारो तरफ झाड़ियों की सफाई और लोहे की फेंसिंग लगाने में लाखों रुपए खर्च किए गए थे, लेकिन योजना ना मूर्त रूप ले पाए और ना ही नसम नागरिको को इसका फायदा मिला।
अब उसी क्षेत्र में पौधारोपण करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बदलाव को लेकर शहरवासियों में चर्चा तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब वॉक ट्रैक और सुविधाओं के नाम पर राशि खर्च की जा चुकी थी तो फिर अचानक योजना में परिवर्तन क्यों किया जा रहा है।

वॉक ट्रैक को लेकर थी बड़ी उम्मीद जो धरी रह गई
अभिनंदन सरोवर को शहर के प्रमुख पर्यटन और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की बात लंबे समय से कही जा रही थी। सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए यहां मॉर्निंग वॉक ट्रैक, बैठने की व्यवस्था और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य प्रस्तावित किए थे। कुछ निर्माण कार्य भी कराए गए, जिन पर लाखों खर्च होने की जानकारी सामने आई थी।
स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि सरोवर परिसर आधुनिक वॉकिंग जोन के रूप में विकसित होगा, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया सरोवर में नॉका विहार के लिए भारी भरकम राशि खर्च तो की गई, लेकिन आगे पाट पीछे सपाट की तर्ज पर सारी योजनाएं धरी की धरी रह गई। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि हरियाली के सब्जबाग का भी थोड़े ही दिनों में यही हाल होने वाला है।
अब हरियाली बढ़ाने पर दिया जा रहा जोर
सूत्रों के अनुसार अब नगर पालिका परिसर में बड़े स्तर पर पौधारोपण की तैयारी कर रही है।जिसके लिए यहां झाड़ियों की सफाई कर गड्ढे भी खोदे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि सरोवर क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मानसून को देखते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे क्षेत्र का वातावरण बेहतर हो सके। हालांकि इस निर्णय के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि पहले किए गए विकास कार्यों का उपयोग आखिर किस प्रकार होगा। लाखो रूपयों के व्यर्थ खर्च की भरपाई किससे होगी।
नागरिकों ने उठाए सवाल
स्थानीय नागरिकों और मॉर्निंग वॉक करने वालों का कहना है कि यदि पौधारोपण करना ही था तो पहले से बनाई गई योजना पर इतना खर्च क्यों किया गया। लोगों का मानना है कि विकास कार्यों में बार-बार बदलाव से सरकारी राशि का सही उपयोग नहीं हो पाता। वहीं कुछ नागरिकों ने पौधारोपण के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि सरोवर क्षेत्र में हरियाली बढ़ने से पर्यावरण और सौंदर्य दोनों को लाभ मिलेगा। अब लोगों की नजर नगर पालिका प्रशासन पर टिकी है।
शहरवासी यह जानना चाहते हैं कि मॉर्निंग वॉक ट्रैक की मूल योजना का क्या होगा और अब तक खर्च हुई राशि और पौध रोपण पर खर्च की जाने वाली राशि का कितना लाभ आम नागरिकों को मिल पाएगा। आने वाले दिनों में पौधारोपण कार्य शुरू होने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है। इस संबंध में सीएमओ नवनीत पांडे को उनके मोबाइल 7987003651 पर कई बार काल किया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया।
इनका कहना…
पौधे रोपण के लिए अभी गड्ढे खोदे गए हैं। बारिश के पहले रोपण किया जाएगा। पूर्व में किस काम के लिए कितनी राशि खर्च की गई, इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
नीरज धुर्वे, एई नपा बैतूल




