Betul Samachar: एल्डरमैन नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में, 15 दिनों में नगर निकायों में नई तैनाती संभव

पुलिस सत्यापन पूरा, शासन से गजट नोटिफिकेशन का इंतजार, विकास कार्यों में बढ़ेगी रफ्तार
Betul Samachar: बैतूल। जिले की नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में लंबे समय से प्रतीक्षित अल्डरमैन नियुक्ति प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रशासनिक स्तर पर पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और संबंधित रिपोर्ट जिला स्तर से राज्य शासन को भेज दी गई है। अब शासन से गजट नोटिफिकेशन जारी होने के बाद नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, नपा बैतूल, सारणी, आमला और मुलताई सहित जिले की सभी प्रमुख नगर निकायों में प्रस्तावित अल्डरमैन का सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। इस प्रक्रिया में संबंधित व्यक्तियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें अधिकांश नामित सदस्यों के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं पाया गया है। कुछ मामलों में पूर्व विवाद थे, लेकिन न्यायालय से संबंधित व्यक्तियों को क्लीन चिट मिल चुकी है।
15 दिनों में पूरी हो सकती है नियुक्ति प्रक्रिया
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, यदि शासन स्तर पर प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ती है तो आगामी 15 दिनों के भीतर जिले की सभी नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में अल्डरमैन की नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके बाद ये मनोनीत सदस्य नगर निकायों की बैठकों में भाग लेकर विकास योजनाओं और स्थानीय मुद्दों पर निर्णय प्रक्रिया में योगदान देंगे।
्रनगर निकायों में बढ़ेगी विकास कार्यों की गति
एल्डरमैन की नियुक्ति से नगर निकायों की कार्यप्रणाली में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। ये मनोनीत सदस्य स्थानीय विकास कार्यों जैसे सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाइट सुधार और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों में अपनी भूमिका निभाएंगे। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि अल्डरमैन की सक्रिय भागीदारी से वार्ड स्तर की समस्याओं को तेजी से हल करने में मदद मिलेगी। विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है, वहां निर्णय प्रक्रिया और निगरानी मजबूत होगी एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर पिछले कई महीनों से राजनीतिक हलचल जारी थी। अब जब प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है तो संबंधित राजनीतिक दलों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। कई संभावित अल्डरमैन और उनके समर्थक नियुक्ति की औपचारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
चुनावी वर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका
चूंकि आगामी वर्ष 2027 में नगर निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में अल्डरमैन की नियुक्ति को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इनकी भूमिका न केवल विकास कार्यों में होगी बल्कि स्थानीय प्रशासन और जनता के बीच समन्वय स्थापित करने में भी अहम रहेगी। नगर प्रशासन के अनुसार, नियुक्ति के बाद होने वाली नगर निकाय बैठकों में अल्डरमैन सक्रिय रूप से भाग लेंगे और शहरों के विकास के लिए सुझाव और प्रस्ताव रखेंगे।
इनका कहना…..
एल्डरमेन के पुलिस सत्यापन हो चुके हैं। प्रस्ताव बनाकर रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। गजट नोटिफिकेशन के पश्चात नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
नवनीत पांडेय, सीएमओ, नगर पालिका बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




