Betul Samachar: अतिक्रमण हटाने में कोताही नपा के आरआई को हटाया
Betul Samachar: NAPA's RI removed for negligence in removing encroachment

विधायक की प्राथमिकता वाली लिंक रोड सड़क में अतिक्रमण हटाने में लेटलतीफी पर कलेक्टर की कार्रवाई
Betul Samachar: बैतूल। कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक बनने वाले 2.70 किमी की सड़क से अतिक्रमण हटाने का काम अब भी अधूरा है। चूंकि स्थानीय विधायक और प्रदेश भाजपा विधायक हेमंत खंडेलवाल की प्राथमिकता वाली सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए खुद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी दो मर्तबा लिंक रोड पहुंच चुके हैं। उन्होंने दो दिन में अल्टीमेट देकर नपा के राजस्व अमले को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन निरीक्षक ब्रजगोपाल परते ने कलेक्टर के निर्देशों की अवहेलना कर दी। सोमवार शाम कलेक्टर ने इस लापरवाही पर राजस्व निरीक्षक को नपा से हटाते हुए निर्वाचन कार्यालय अटैच कर दिया है। कलेक्टर की इस कार्रवाई के बाद राजस्व अमले में हड़कंप मचा हुआ है।
शहर में सड़क तक अतिक्रमण होना कोई आम बात नहीं है। भले ही इससे हादसे हो जाए या सड़क पर जाम लग जाए। नपा के राजस्व अमले को कोई सरोकार नहीं रहता है। अब चूंकि बैतूल के दूरदर्शी विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक करीब 10 करोड़ की लागत से 2.70 किमी बनने वाली सड़क अपने प्रयासों से स्वीकृत करवाई। इसके बाद उन्होंने इस मार्ग पर बेजा अतिक्रमण होने की शिकायत मिली तो कलेक्टर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। कुछ दिनों पहले ही कलेक्टर राजस्व अमले के साथ निरीक्षण किया। कलेक्टर ने भी देखा कि लोगों ने दोनों ओर 10-10 फीट का अतिक्रमण कर शहर के प्रमुख लिंक रोड की हालात बदत्तर कर दी है। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद सीएमओ सतीष मटसेनिया को निर्देश दिए थे कि राजस्व अमले से दो दिनों में पूरा अतिक्रमण हटाकर रोड क्लियर कराई जाए।
5 दिन में नहीं हटाया पूरा अतिक्रमण
कलेक्टर ने विधायक की प्राथमिकता वाली इस सड़क से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। सीएमओ ने अपने राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते से कहा था कि दो दिनों में अतिक्रमण चिन्हित कर हटा दिया जाए। जहां अतिक्रमण दिख रहा है, संबंधितों से उनकी मकान की रजिस्ट्री का अवलोकन करें। इसके बाद जितनी रिक्त जमीन है, वहां से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए पर हमेशा की तरह राजस्व निरीक्षक परते ने इसे हल्के में लिया और 22 सितंबर तक कलेक्टर के निर्देशों का पालन नहीं हुआ। इसके बाद सोमवार शाम को कलेक्टर ने इसे गंभीर चूक माना और नपा के राजस्व के निरीक्षक परते को निर्वाचन कार्यालय अटैच कर दिया। उन्हें फोटोयुक्त मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण कार्य संचालन की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन इसे कलेक्टर की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल बैतूल में ही थे। इसी दौरान राजस्व निरीक्षण को लूपलाइन में भेजने के आदेश जारी हो गए।
नपा के काम होंगे प्रभावित
राजस्व निरीक्षक को निर्वाचन शाखा में अटैच करने के बाद नपा की राजस्व वसूली सहित अन्य कार्य प्रभावित हो सकते हैं। नपा के पास केवल एक ही राजस्व निरीक्षक है। अब पूरा जिम्मा उपनिरीक्षक अखिल राय और सहायक ग्रेड-1 सुभाष प्रजापति पर आ जाएगा। इसके अलावा कुछ माह से नपा की राजस्व वसूली के बुरे हाल है। दो माह तक नपा के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में स्थिति और बिगड़ सकती है।




