Betul illegal Encroachment: अवैध अतिक्रमण: नपा-राजस्व के अधिकारियों मेें तालमेल नहीं

नपा के अधिकारियों ने हवा में कालोनाइजरों को किया नोटिस जारी, रिकार्ड में खुली पोल
Betul illegal Encroachment: बैतूल। शहर में अवैध अतिक्रमण को पनपने देने में कहीं न कहीं अधिकारियों का बड़ा योगदान है। यह बात इसलिए कही जा रही है, क्योंकि मीडिया की जागरूकता के बाद इस तरह के मामले में विभागीय अधिकारी बिना सोचे समझे गपिश के आधार पर नोटिस जारी कर दे रहे हैं। जब उन्हें गलती का एहसास हो रहा है, तब हाथ पैर पटकते दिखाई दे रहे हैं।
ताजा मामला माचना नगर में अवैध कालोनी निर्माण से जुड़ा है। यहां पर नगरपालिका एसडीएम के निर्देश पर दो कालोनाइजरों पर नोटिस जारी कर अवैध अतिक्रमण करने पर जवाब मांगा है, लेकिन चौकाने वाली बात यह है कि इसमें से एक कालोनाइजर के नाम जमीन ही नहीं थी, उसकी पत्नी के नाम जमीन होने से पूरा मामला कहीं न कहीं कालोनाइजर को बचाने का प्रयास माना जा रहा है। जब राजस्व विभाग से सांझवीर टाईम्स ने मामले की पड़ताल की तो इस बात का खुलासा हुआ। अब जिम्मेदार बेतूका बयान देकर बचने का प्रयास कर रहे हैं।
लोहिया वार्ड स्थित माचना नगर में हजारों फीट जमीन पर कुछ कालोनाइजरों ने कब्जा कर लिया। यह कब्जा एक नहीं, बल्कि कई दिनों से करने के प्रयास किए गए। बिजली के पोल से लेकर माचना नदी के 15 मीटर के दायरे के नियम को भी दरकिनार कर कालोनाइजर अपने काम करते रहे। सूत्र बताते हैं कि नपा के अधिकारियों को जानकारी मिली तो वे शिकायत होने का इंतजार करते रहे।
जब मामला सांझवीर टाईम्स के माध्यम से सामने आया तो सबसे पहले 17 अप्रैल को कालोनाइजरों को नोटिस जारी किया गया। इस नोटिस में कालोनाइजर से 10 दिन में जवाबा मांगा गया, लेकिन नियत तिथि तक कालोनाइजर ने कोई जवाब नहीं दिया। यह मामला जब पूरी तरह से अतिक्रमण की जद में आया तो एसडीएम डॉ अभिजीत सिंह की नाराजगी खुलकर सामने आई। उन्होंने नपा के अधिकारियों को कालोनाइजरों को दोबारा नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। दूसरे नोटिस का जवाब भी अब तक नपा के पास नहीं पहुंचा है।
पत्नी के नाम जमीन, पति को नोटिस
नगरपालिका के जिम्मेदारों ने यहां हद कर दी। बिना राजस्व विभाग से जाकनारी लिए बिना हवा हवाई नोटिस बनाकर कालोनाइजरों को जारी कर दिया। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि माचना नगर में अतिक्रमण करने वाले दो कालोनाइजर अब्दुल हक खान और रंगा पवार को नगरपालिका ने करीब पांच दिन पहले दूसरा नोटिस जारी किया, लेकिन राजस्व विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए रिकार्ड में रंगा पवार के नाम यह जमीन ही नहीं है।
12 जून 2024 के भू-अभिलेख के अनुसार राजस्व विभाग ने खसरा क्रमांक 216/81 में से रकबा 0.1500 को दस्तावेजों के आधार पर 26 अप्रैल 2024 को चित्रलेखा पवार को विक्रय किया जाना उल्लेखित किया गया। यानी यहां माचना नगर में चित्रलेखा पवार द्वारा अतिक्रमण कर नियम के विरोध बाउंड्रीवाल का निर्माण किया, लेकिन नगरपालिका ने चित्रलेखा पवार के पति रंगा पवार को नोटिस जारी कर दिया। इस पर सवाल उठाएं जा रहे हैं कि इस पर कहीं न कहीं कालोनाइजरों को बचाने का प्रयास तो नहीं है
इनका कहना…
सूचना के आधार पर नगरपालिका ने नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस जारी करने के पहले हमने रिकार्ड नहीं देखा।
नगेंद्र वागद्रे, उपयंत्री नपा बैतूल
राजस्व रिकार्ड में लोहिया वार्ड स्थित माचना नगर में तीन कालोनाइजरों द्वारा अतिक्रमण की जानकारी सामने आई है। हमसे नगरपालिका ने नोटिस देने के पहले कोई राजस्व रिकार्ड नहीं मांगा है। यदि नोटिस गलत गया है तो यह नपा की जिम्मेदारी है।
गोपाल महस्की, पटवारी बैतूल




