Betul Ki Khabar: Video: मासूम जिंदगियों को नहीं मिल रहा सुविधाओं का हक?

Betul Ki Khabar: Innocent lives are not getting the right to facilities?

खून की उल्टियां कर रहे बुजुर्ग को बल्लियों के सहारे एम्बुलेंस तक लाना पड़ा

Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले के भीमपुर विकासखंड के ग्राम सांगवानी से निकली एक तस्वीर ने विकास के तमाम दावों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग आशाराम यादव को अचानक खून की उल्टियां हुईं। परिजन घबराकर 108 एम्बुलेंस तो बुलाते हैं, लेकिन जर्जर और कच्ची सड़क की वजह से एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। मजबूर होकर ग्रामीण बल्लियों से खाट बनाते हैं और उसमें बुजुर्ग को लिटाकर एक-एक कदम बढ़ाते हुए करीब एक किलोमीटर पैदल ढोकर एम्बुलेंस तक ले जाते हैं।

इसके बाद भीमपुर अस्प्ताल में बुजुर्ग को उपचार दिया जाता है। यह दृश्य किसी का भी दिल दहला देने वाला है। क्योंकि बीमार बुजुर्ग दर्द से कराहते हैं और परिजन आंखों में आंसू लिए हर कदम पर दुआ मांगते हैं कि किसी तरह जान बच जाए। अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने लोगों का गुस्सा और पीड़ा दोनों बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मांग वे वर्षों से कर रहे हैं, लेकिन आज तक सिर्फ आश्वासन ही मिला।

बरसात में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। कभी मरीजों को तो कभी गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर लादकर अस्पताल तक पहुंचाना पड़ता है। यह नजारा दिखाता है कि करोड़ों की योजनाओं और बड़ी-बड़ी घोषणाओं के बावजूद बुनियादी सुविधाओं के लिए ग्रामीण अब भी जद्दोजहद कर रहे हैं, सांगवानी की यह तस्वीर सिर्फ एक गांव की नहीं, बल्कि उन अनगिनत गांवों की हकीकत है जहां लोग अब भी विकास की रोशनी से वंचित हैं। यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर जिम्मेदार कब जागेंगे और कब इन मासूम जिंदगियों को सुविधाओं का हक मिलेगा?

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button