Betul Accident Video : बिग ब्रेकिंग: सारनी में दर्दनाक हादसा: दिव्यांग की तीन पहिया बैटरी साइकिल में ब्लास्ट, मौके पर मौत

Betul Accident: सारनी/ बगडोना। शुक्रवार रात नगर के जय स्तम्भ चौक के पास एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। दिव्यांगजनों को दी जाने वाली तीन पहिया बैटरी चालित साइकिल की बैटरी में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे साइकिल में आग लग गई और उस पर सवार दिव्यांग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में मृतक की पहचान सुनील कुमार लोखंडे (गुड्डू) पिता बलीराम लोखंडे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुनील दिव्यांग होने के बावजूद लोगों को पढ़ाने का कार्य भी करता था और अपने जीवनयापन के लिए मेहनत करता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैटरी में विस्फोट के बाद साइकिल में आग की लपटें उठने लगीं। पास ही मौजूद दुकानदार बिल्लू जगदेव ने मानवता दिखाते हुए तुरंत पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी और सुनील को बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। बाद में पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तीन पहिया बैटरी साइकिल संभवतः नगर पालिका द्वारा दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत प्रदान की गई हो सकती है। यदि ऐसा है, तो बैटरी की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद नगर में शोक का माहौल है। लोग मांग कर रहे हैं कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि बैटरी ब्लास्ट कैसे हुआ, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button