Betul Crime News: युवती से मारपीट करने वाले सरपंच पति समेत 5 पर FIR, पीड़िता का आरोप- अगले दिन भाई को लूट के मामले में पुलिस ने आरोपी बना दिया
Betul Crime News: FIR against 5 including sarpanch husband who assaulted the girl, victim's allegation - Next day police made brother an accused in the robbery case.

Betul Crime News: (बैतूल)। बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के सूरगांव में एक 23 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में सरपंच पर मामला कायम कर लिया है। सरपंच के अलावा आधा दर्जन युवकों पर भी मामला दर्ज करने की जानकारी मिली है। सूरगांव निवासी 23 वर्षीय युवती ने बैतूलबाजार थाने में शिकायत की थी कि वह कुछ दिनों पहले अपने खेत से काम कर लौट रही थी कि सुनील, सायबू, दिनेश, देवेंद्र उर्फ गडू और किशन ने पकड़कर खेत में लेकर गए और गलत काम करने का प्रयास करने लगे। इसके बाद उसके साथ मारपीट भी की। जब वह चिल्लाई तो भाई, बहन और मां से भी संबंधितों ने लोहे की राड से मारपीट की। इसके बाद सभी ने जान से मारने की धमकियां दी। शिकायतकर्ता के अनुसार देवेंद्र उर्फ गडू गांव की सरपंच सकुन का पति है जो अपने पद का दुरुपयोग कर आए दिन परेशान करता हैं। आरोपियों पर पुलिस ने 354,354 बी, 323, 506 का मामला दर्ज किया है।
इधर भाई को झूठे मामले में फंसाने का आरोप
छेड़छाड़ और मारपीट का शिकार हुई युवती ने सनसनीखेज आरोप लगाकर पुलिस को कटघरे में खड़ा कर दिया है। युवती ने बताया कि आरोपियों पर एफआईआर के बाद उसके भाई राजा को पहुंच दिखाकर झूठे मामले में फंसा दिया गया। पीड़ित युवती के मुताबिक एफआईआर के अगले दिन उसके भाई राजा पर नेहरू पार्क के पास संबंधितों द्वारा लूट करने के आरोप लगा दिए। कोतवाली पुलिस ने बिना जांच किए उसके भाई को आरोपी बनाकर जेल भेज दिया। पीड़ित युवती का आरोप है कि सरपंच पति और उनके साथियों ने अपना रसूख दिखाकर एफआईआर वापस लेने के लिए उसके भाई के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया है।





