Betul Viral Video : 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी का कहर, भीमपुर के बर्राढाना में सिलेंडर ब्लास्ट से भीमपुर के बर्राढाना में सिलेंडर ब्लास्ट से 15 घरों की बस्ती जलकर खाक

शहर में कई पेड़ धराशायी, बिजली आपूर्ति भी ठप, अफरा- तफरी का माहौल
Viral Video : बैतूल। जिले में शनिवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। शाम करीब 4.30 बजे तेज आंधी ने पूरे क्षेत्र में तबाही मचा दी। लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। लोग अपनी जान बचाने के लिए जहां जगह मिली, वहीं शरण लेते नजर आए। देखते ही देखते सड़कों से लेकर गांवों तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस बीच आदिवासी अंचल भीमपुर ब्लॉक के बर्राढाना गांव में आंधी के बाद एक बड़ी घटना सामने आई, जिसने हालात को और भयावह बना दिया। तेज हवा के दौरान एक घर में रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि एक के बाद एक कुल चार सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी आग ने पूरे गांव की करीब 15 घरों की बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते सभी घर जलकर खाक हो गए।

घटना के समय ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आगजनी में ग्रामीणों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। घरों में रखा अनाज, कपड़े, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
भीमपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष भूरा यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआत में एक घर में सिलेंडर में आग लगी थी, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास के अन्य सिलेंडरों में भी विस्फोट हो गया, जिससे आग ने पूरी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही भैंसदेही एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

पूरे जिले में बरपा कहर
आंधी का व्यापक असर जिले के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिला। ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बिछ गईं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आम के बागानों सहित कई अन्य फसलें भी इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आकर बर्बाद हो गई हैं।
शहर में हालत खराब, लोग घरों में दुबके
वहीं शहरी क्षेत्रों में भी स्थिति चिंताजनक रही। बैतूल शहर के साथ-साथ शाहपुर, आमला, झल्लार, मुलताई और सारणी में कई पेड़ उखड़कर गिर गए। कई जगहों पर टीन शेड उड़ जाने और मकानों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।




