Betul Ki Khabar: 109 करोड़ संपत्ति कर वसूली के साथ नपा बैतूल का रिकॉर्ड, राजस्व संग्रह 80′ पहुंचा

11.67 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले इस बार 9.40 करोड़ की वसूली
Betul Ki Khabar: बैतूल। नगर पालिका बैतूल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व वसूली के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया है। खस्ताहाल वित्तीय स्थिति से जूझ रही नपा के खजाने को भरने के लिए राजस्व अमले ने इस वर्ष विशेष प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप कुल 80.56 प्रतिशत वसूली दर्ज की गई। खास बात यह रही कि संपत्ति कर में 109 प्रतिशत की रिकॉर्ड वसूली कर नपा ने अपनी कार्यप्रणाली की प्रभावशीलता साबित की है।
नगर पालिका के सामने इस वर्ष विभिन्न मदों में 11 करोड़ 67 लाख 80 हजार 790 रुपये की वसूली का लक्ष्य था। इसके मुकाबले नपा की 17 सदस्यीय टीम ने 31 मार्च की समयसीमा तक 9 करोड़ 40 लाख 73 हजार 439 रुपये की वसूली कर ली। यह उपलब्धि पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक मानी जा रही है।

वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक सुभाष प्रजापति के नेतृत्व में संपत्ति कर वसूली में विशेष सफलता मिली। करीब 4 करोड़ 88 लाख 3 हजार 440 रुपये की मांग के मुकाबले 4 करोड़ 45 लाख 77 हजार 689 रुपये की वसूली की गई, जो लगभग 109 प्रतिशत के आसपास का प्रदर्शन दर्शाती है। यह नपा के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अन्य करों में भी रहा बेहतर प्रदर्शन
अन्य मदों में भी नपा ने संतोषजनक वसूली की है। समेकित कर में 85.66 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 55.74 लाख, सामान्य जल कर में 82.08 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 75.05 लाख, जबकि जल शुल्क में 3.63 करोड़ के मुकाबले 2.10 करोड़ वसूले गए। इसके अलावा दुकान, भवन एवं भूमि किराया मद में 84.87 लाख के लक्ष्य के विरुद्ध 53.09 लाख रुपये की वसूली हुई।
शिक्षा उपकर के रूप में 1 करोड़ 55 हजार 471 रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 76.94 लाख रुपये वसूले गए। वहीं नगरीय विकास कर में 1.15 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध 91.25 लाख रुपये की वसूली की गई।
हालांकि जल शुल्क, समेकित कर, दुकान भवन भूमि किराया देने में लोगों की रूचि नहीं रहने के कारण इसका लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। राजस्व निरीक्षक सुभाष प्रजापति ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि कर्मचारियों और निरीक्षकों की मेहनत के कारण यह संभव हो पाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते नगर पालिका बैतूल को प्रदेश स्तर पर भी पहचान मिल सकती है।
इनका कहना..
राजस्व विभाग ने इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। लक्ष्य करीब वसूली करने से नपा की वित्तीय स्थिति सुधरेगी। राजस्व विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी बधाई के हकदार है।
नवनीत पांडे, सीएमओ नपा बैतूल




