Betul Samachar: 15 करोड़ की अमृत योजना में टंकी निर्माण के लिए जगह का पेंच
Betul Samachar: Space for construction of tank in Rs 15 crore Amrit Yojana is a problem

6 माह में नपा के अधिकारी जमीन नहीं तलाश पाए, एई को दी थी जिम्मेदारी, वे खुद लापरवाह
Betul Samachar: बैतूल। शहर में 15 करोड़ की अमृत-2 योजना में पानी की टंकी का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए नपा चार टंकियों का अलग-अलग स्थानों पर निर्माण करेंगी, लेकिन 6 माह पहले इसके लिए टेंडर होने के बावजूद आज तक नपा जमीन तलाश नहीं कर पाई है। नपा के एई को इस काम की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन वे हर मामले की तरह इसमें भी वर्क लोड अधिक होने का हवाला देकर कर्तव्य की इतिश्री कर बैठे है। यही वजह है कि योजना की लगातार लेटलतीफी हो रही है। नए सीएमओ सतीष मटसेनिया जरूर इस मामले में रूचि दिखाते नजर आ रहे हैं।
अमृत-2 योजना में बैतूल नगरपालिका को 15 करोड़ की राशि नगरीय विकास एवं विभाग से मिली थी। इस राशि से नगरपालिका शहर के चार अलग-अलग स्थानों पर पानी की टंकियां बनाने की रूपरेखा तैयार कर चुकी है। इन चार टंकियों के बनने के बाद बैतूल की जल प्रदाय व्यवस्था गर्मी में और अधिक मजबूत हो जाती, लेकिन ताज्जुब की बात यह है कि 6 माह पहले योजना के लिए टेंडर हो चुके हैं। इसके बावजूद आज तक जमीन का पेंच आड़े आने से टंकियों का निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
पूर्व सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने अमृत-2 योजना में चार टंकियों के निर्माण के लिए एई नीरज धुर्वे को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उनकी वर्किंग ऐसी है कि सप्ताह में तीन दिन कार्यालय नहीं आने और अक्सर बीमार रहने के कारण सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वाहण नहीं कर पा रहे हैं। कुछ मामलों में उन्हें जांच अधिकारी भी बनाया, लेकिन वे यह जवाबदारी भी नहीं निभा पाए। इससे शीर्ष अधिकारियों के आदेशों की खुलेआम अवहेलना हो रही है और आम लोगों की जुड़ी योजनाओं की लेटलतीफी लगातार बढ़ती जा रही है।
इन चार जगह बनना था टंकी
नगरपालिका ने इस वर्ष 21 मई को कलेक्टर को पत्र लिखकर अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के तहत उच्च स्तरीय टंकी निर्माण के लिए भूमि आवंटित किए जाने के लिए पत्र लिखा था। नपा के अनुसार यह चार टंकियां क्रीड़ा परिसर अर्जुन वार्ड, न्यू बैतूल हायर सेकंडरी स्कूल राजेंद्र वार्ड गंज, मलेरिया अस्पताल ईसाई चौक कृष्णपुरा वार्ड और नागपुर नाके पास जयप्रकाश वार्ड में राज्य और केंद्र सरकार की राशि से टंकी का निर्माण करना था। इसके लिए सभी जगह से अलग-अलग वर्ग मीटर हेतु जमीन की मांग कलेक्टर से की गई थी, लेकिन आज तक यह जमीन आवंटित नहीं हुई है। एई नीरज धुर्वे ने इस मामले में क्या प्रक्रिया आगे बढ़ाई यह जानने के लिए उनके मोबाइल 7999271178 पर कई बार काल किया, लेकिन उन्होंने आदत के मुताबिक रिसीव नहीं किया। इसलिए वस्तुस्थिति पता नहीं चल पाई।
नए सीएमओ आए तो बात आगे बढ़ी
इधर पेयजल निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण कार्ययोजना के अटक जाने पर नवागत सीएमओ सतीष मटसेनिया ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से टीएल की बैठक में चर्चा कर दो बार चर्चा कर टंकियों के लिए अनुरोध किया था। कलेक्टर ने तत्काल तहसीलदार को इस मामले में संज्ञान लेने के निर्देश दिए। नतीजा यह हुआ कि केवल न्यू बैतूल स्कूल गंज की जमीन में खसरा नंबर अलग आने से जमीन आवंटन नहीं हो सकी। शेष जगह तीन टंकियों के लिए जमीन आवंटित कर दी गई है। चौथी जगह के लिए तहसीलदार खसरा नंबर मिलान कर रहे हैं। यह स्पष्ट होते ही न्यू बैतूल स्कूल गंज के पास की जमीन भी टंकी निर्माण के लिए आवंटित हो जाएगी।
इनका कहना…..
अमृत योजना में टंकी निर्माण के लिए विलंब हुआ है। कलेक्टर साहब से दो टीएल की बैठक में चर्चा होने के बाद तीन जगह टंकी निर्माण के लिए जगह मिल गई है। शेष बची एक जगह पर भी खसरा नंबर मिलान करने के बाद जमीन आवंटित होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल




