Betul News: शराब के साथ भांग दुकान नीलामी से भी आबकारी को मिलेगा बड़ा राजस्व

आबकारी कार्यालय से मिलेंगे टेंडर प्रपत्र, 27 मार्च दोपहर 3 बजे तक होंगे जमा
Betul News: बैतूल। राज्य शासन के निर्देशानुसार बैतूल जिले में शराब दुकानों के साथ साथ जिले की एकमात्र भांग दुकान की नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भांग की फुटकर दुकान के निष्पादन को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। कलेक्टर बैतूल नरेंद्र कुमार सुर्यवंशी द्वारा जारी इस सूचना को लेकर जिला आबकारी अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह चढ़ार ने बताया कि, वर्ष 2026-27 (01 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027) की अवधि के लिए बैतूल शहर स्थित भांग दुकान का निष्पादन टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
यह प्रक्रिया निर्धारित शर्तों एवं नियमों के अधीन संपन्न होगी, जिसके लिए विस्तृत कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है। टेंडर प्रपत्रों की बिक्री आज 25 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 27 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक आवेदक जिला आबकारी कार्यालय बैतूल से प्रात: 10:00 बजे से अपरान्ह 2:00 बजे तक टेंडर प्रपत्र क्रय कर सकेंगे। इसके साथ ही टेंडर प्रपत्र जमा करने की प्रक्रिया भी 25 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च 2026 को अपरान्ह 3:00 बजे तक चलेगी। आवेदकों को अपने पूर्ण रूप से भरे हुए टेंडर निर्धारित समय सीमा के भीतर जिला आबकारी कार्यालय में ही जमा करने होंगे।
प्राप्त टेंडरों को 27 मार्च 2026 को अपरान्ह 3:30 बजे से खोला जाएगा। टेंडर खोलने की कार्यवाही पूर्ण होने तक प्रक्रिया जारी रहेगी। इस दौरान उपस्थित आवेदकों के समक्ष पारदर्शिता के साथ सभी प्रस्तावों की जांच की जाएगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। भांग दुकान के निष्पादन से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जैसे आरक्षित मूल्य, अर्नेस्ट मनी (जमानत राशि) एवं भांग की अनुमानित खपत आदि की जानकारी जिला आबकारी कार्यालय बैतूल से प्राप्त की जा सकती है।
विशेष बात यह है कि यह जानकारी अवकाश के दिनों में भी कार्यालयीन समय के दौरान उपलब्ध रहेगी, जिससे इच्छुक आवेदकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि निष्पादन की शर्तें एवं नियम टेंडर प्रक्रिया के दौरान स्थल पर पढ़कर सुनाए जाएंगे, ताकि सभी प्रतिभागियों को पूरी जानकारी मिल सके। यदि किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाती है, तो कलेक्टर द्वारा अन्य किसी तिथि एवं समय पर इसे आयोजित किया जा सकेगा। इस टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से प्रशासन पारदर्शिता और नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है, जिससे राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।




