Betul News: नशे की सूचना पर विनोबा वार्ड में पुलिस की दबिश, 5 युवक हिरासत में

लाला सिंधी को उज्जैन पुलिस के हवाले किया, 4 अन्य को भेजा जेल
Betul News: बैतूल। शहर में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार और युवाओं के एमडी ड्रग्स व गांजे की गिरफ्त में आने की लगातार मिल रही सूचनाओं के बीच पुलिस ने रविवार को विनोबा वार्ड क्षेत्र में सघन कार्रवाई करते हुए दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 5 युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद इनमें से एक युवक लाला सिंधी को उज्जैन पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि अन्य चार युवकों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
एसडीओपी सुनील लाटा ने बताया कि पुलिस को विनोबा वार्ड में नशे से संबंधित गतिविधियों की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गई, हालांकि तलाशी के दौरान उनके पास से कोई भी मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। एसडीओपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों में शामिल लाला सिंधी का नाम उज्जैन में दर्ज एक एनडीपीएस एक्ट के मामले में सामने आया था।
उज्जैन पुलिस इस युवक की तलाश में थी। इस आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे उज्जैन पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं अन्य चार युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल रहा। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में शहर के बाहरी इलाकों, विशेषकर सुनसान और कम आबादी वाले क्षेत्रों में नशेड़ियों की गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। इससे न केवल कानून-व्यवस्था पर असर पड़ रहा है, बल्कि युवा पीढ़ी के भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता जताई जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। ड्रग्स सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को तत्काल साझा करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और युवाओं को इस खतरनाक लत से बचाया जा सके।




