Betul Samachar: अतिक्रमण की चपेट में व्यवस्थित बस स्टैंड, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

निरीक्षण के बाद बदली थी तस्वीर, अब फिर लौटी बदहाली
Betul Samachar: बैतूल। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोठीबाजार बस स्टैंड को व्यवस्थित और सुगठित रूप दिया गया था, लेकिन वर्तमान हालात एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही की कहानी बयां कर रहे हैं। बस स्टैंड अंदर से लेकर बाहर तक अतिक्रमण की गिरफ्त में है, इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक स्थिति बस स्टैंड के वेटिंग हाल की है। यात्रियों के बैठने और आराम करने के लिए बनाए गए इस हाल में अब हाथ ठेलों पर सजी दुकानों का कब्जा हो चुका है। फलों, नाश्ते और अन्य सामग्रियों की दर्जनभर दुकानें हाल के भीतर ही संचालित हो रही हैं। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को अंदर आने-जाने में भी मुश्किल हो रही है। केवल बैठने के लिए लगाई गई बेंचें ही किसी तरह बची हुई हैं, बाकी पूरा हाल अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुका है।
सफाई व्यवस्था भी प्रभावित
अतिक्रमण का असर सफाई व्यवस्था पर भी साफ नजर आ रहा है। नगर पालिका के सफाई कर्मियों को नियमित सफाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ठेलों और अस्थायी दुकानों के कारण कचरा इक_ा हो रहा है, जिससे गंदगी और अव्यवस्था बढ़ रही है। यही स्थिति बस स्टैंड की ऊपरी मंजिल और अंदर बनी दुकानों के आसपास भी दिखाई दे रही है।
अधिकारियों की अनदेखी पर उठे सवाल
गौरतलब है कि पूर्व में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सुर्यवंशी ने बस स्टैंड का निरीक्षण कर यहां की व्यवस्था को दुरुस्त कराया था। उस समय अतिक्रमण हटाकर बस स्टैंड का स्वरूप पूरी तरह बदल दिया गया था। लेकिन समय बीतते ही हालात फिर पुराने ढर्रे पर लौट आए हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि संबंधित अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण करें और सख्ती से कार्रवाई करें, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न ही न हो। लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक ढिलाई के कारण ही अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।बस स्टैंड जैसी सार्वजनिक और महत्वपूर्ण जगह पर व्याप्त अव्यवस्था न केवल शहर की छवि खराब कर रही है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में कब ठोस कदम उठाता है।




