Betul News: बिना अनुमति दुबई यात्रा पर गुपचुप निकल गए वनकर्मी

एक हफ्ते तक रहे गायब, ले देकर मामला किया रफा-दफा
Betul News: बैतूल। बात कुछ पुरानी जरूर है, लेकिन वन विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर वन मंडल की शाहपुर रेंज और पश्चिम वन मंडल की मोहदा रेंज में पदस्थ दो रेंज असिस्टेंट बिना किसी अनुमति और अवकाश लिए गुपचुप तरीके से दुबई यात्रा कर आए। हैरानी की बात यह है कि करीब एक सप्ताह तक दोनों कर्मचारी ड्यूटी से नदारद रहे, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने न तो कोई पूछताछ की और न ही अब तक कोई कार्रवाई की है।
सूत्रों के मुताबिक यह पूरा मामला नवंबर 2024 के आखिरी सप्ताह का बताया जा रहा है। शाहपुर रेंज में पदस्थ कर्मचारी इवने और मोहदा रेंज में पदस्थ घोघरकर 26-27 नवंबर के आसपास दुबई के लिए रवाना हुए थे और 4 दिसंबर को वापस लौटे। जानकारी यह भी सामने आई है कि दोनों ने यात्रा से पहले पासपोर्ट और वीजा की पूरी तैयारी कर ली थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह यात्रा पूर्व नियोजित थी।
इसके बावजूद उन्होंने विभाग से न तो अनुमति ली और न ही अवकाश स्वीकृत कराया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब दोनों कर्मचारी अपने कार्यस्थल से लगातार अनुपस्थित रहे, तो संबंधित अधिकारियों को इसकी भनक कैसे नहीं लगी। क्या उनकी उपस्थिति दर्ज की जाती रही, या फिर इस पूरे मामले में जानबूझकर अनदेखी की गई? यदि विभाग इन तिथियों की उपस्थिति पंजिका और रिकॉर्ड की जांच करे, तो कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
कंपनी से जुड़े है कर्मचारी
सूत्र बताते हैं कि यह आरोप कि दोनों कर्मचारी किसी संदिग्ध लेन-देन करने वाली कंपनी से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं, जो वर्तमान में कानूनी जांच के दायरे में है। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि विदेश यात्रा का उद्देश्य केवल निजी नहीं बल्कि किसी आर्थिक लेन-देन से भी जुड़ा हो सकता है।
अब तक विभागीय स्तर पर किसी प्रकार की जांच या अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होना अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो यह न केवल विभाग की साख को नुकसान पहुंचाएगा बल्कि अन्य कर्मचारियों के लिए भी गलत संदेश निरूपित होगा।




