Betul Ki Khabar: बैतूल-आमला-हरदा में स्क्रब टायफस फैलने की संभावना

आमला विधायक डॉ. पंडाग्रे ने सत्र में अनुदान मांग के दौरान दमदारी से रखी अपनी बात
Betul Ki Khabar: बैतूल। प्रदेश सरकार के बजट सत्र के दौरान आमला-सारनी विधायक ने अनुदान मांग पर चर्चा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को लेकर दमदारी से अपनी बात रखी है। इसकी सर्वत्र सराहना की जा रही है। आमला विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. पंडाग्रे ने विधानसभा सत्र में स्क्रब टायफस को गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताया और प्रदेश सरकार से इसके व्यापक सर्वेक्षण और नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि यह बीमारी बारिश के मौसम से लेकर सितंबर-अक्टूबर तक बैतूल, छिंदवाड़ा, हरदा और आसपास के जिलों में तेजी से फैल रही है।
विधायक ने सरकार को यह दिया सुझाव
विधानसभा में चर्चा के दौरान डॉ. पंडाग्रे ने कहा कि मलेरिया की तरह स्क्रब टायफस को भी मिशन मोड में नियंत्रित किया जाना चाहिए। इसके लिए जनजागृति अभियान चलाया जाए, हॉट स्पॉट की पहचान की जाए और व्यापक सर्वेक्षण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर इलाज न मिलने पर यह बीमारी मरीजों के किडनी, फेफड़े और लीवर को नुकसान पहुंचा सकती है।
नि:शुल्क इलाज और स्वास्थ्य तंत्र में सुधार का अनुरोध
विधायक ने यह भी कहा कि इस बीमारी को आयुष्मान योजना में शामिल किया जाए, ताकि मरीजों को नि:शुल्क इलाज मिल सके। इसके अलावा बैतूल के अस्पतालों में रेडियोलॉजिस्ट और एनेस्थेटिक विशेषज्ञ की कमी दूर की जाए। उन्होंने अस्पतालों में मेन्यू कार्ड (सेवा और शुल्क सूची) प्रदर्शित करने की भी मांग की, ताकि मरीज और उनके परिवार स्पष्ट जानकारी पा सकें।
उन्होंने बताया कि इस बीमारी का इलाज एंटीबायोटिक्स (जैसे डॉक्सीसाइक्लिन या एज़िथ्रोमाइसिन) से किया जाता है। समय पर उपचार मिलने पर मरीज पूरी तरह ठीक हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य भारत और महाराष्ट्र के जिलों में यह बीमारी मौसमी खतरे के रूप में उभर रही है, इसलिए जागरूकता और समय पर इलाज बेहद जरूरी है। यदि इलाज समय पर मिल जाए तो मरीज की जान बचाई जा सकती है।




