Betul Samachar: डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे बैतूल को मिली राहत

जिले को मिले तीन नए डॉक्टर, एक ने दी आमद
मरीजों को मिलेगा बेहतर और सुचारु उपचार
Betul Samachar: बैतूल। पिछले लंबे समय से चिकित्सकों की भारी कमी से जूझ रहे बैतूल जिले के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिले को तीन नए विशेषज्ञ डॉक्टर मिले हैं, जिनमें से एक डॉक्टर ने बैतूल जिला अस्पताल में आमद दे दी है। शेष दो डॉक्टरों के भी शीघ्र ही आमद देने की संभावना जताई जा रही है। नए डॉक्टरों की नियुक्ति से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आने की उम्मीद की जा रही है।
संचालनालय लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, भोपाल द्वारा जारी सूची के अनुसार बैतूल जिले को दो नए विशेषज्ञ डॉक्टर आवंटित किए गए हैं। इनमें डॉ. मयूरी मंडलेकर (एमडी जनरल मेडिसिन) एवं डॉ. संजय पंवार (एमडी एनेस्थीसिया) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक अन्य डॉक्टर डॉ. राजेश अहिरवार, जो कि एनेस्थीसिया विशेषज्ञ हैं, को भी जिले में पदस्थ किया गया है।
इन तीन डॉक्टरों में से डॉ. राजेश अहिरवार ने जिला चिकित्सालय बैतूल में आमद दे दी है, जबकि अन्य दो डॉक्टरों ने अभी तक ज्वाइनिंग नहीं की है। हालांकि विभागीय स्तर पर यह उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों डॉक्टर शीघ्र ही आमद दे सकते हैं। इनकी नियुक्ति से जिले में लंबे समय से बनी डॉक्टरों की कमी को कुछ हद तक पूरा किया जा सकेगा।
गौरतलब है कि बैतूल जिला अस्पताल में बीते कुछ समय में कई वरिष्ठ डॉक्टर सेवानिवृत्त हुए हैं, वहीं कुछ चिकित्सकों ने निजी कारणों से इस्तीफा भी दे दिया था। इसके चलते जिला अस्पताल सहित जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और मरीजों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण गंभीर मरीजों को अन्य जिलों में रेफर करना पड़ता था।
जिला अस्पताल में अब तीन एनेस्थीसिया विशेषज्ञ
डॉ. राजेश अहिरवार की आमद के बाद अब जिला अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले अस्पताल में दो एनेस्थीसिया डॉक्टर- डॉ. चित्रकला पाटील और डॉ. रानू वर्मा—सेवाएं दे रही थे। डॉ. रानू वर्मा वर्तमान में आरएमओ (रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर) के पद पर पदस्थ हैं, जिसके चलते कई बार उन्हें प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ एनेस्थीसिया का कार्य भी देखना पड़ता था।
नए एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के आने से अब ऑपरेशन थिएटर की सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी और सर्जरी से संबंधित मामलों में मरीजों को राहत मिलेगी। विशेष रूप से प्रसूति, दुर्घटना एवं आपातकालीन सर्जरी के मामलों में अब बेहतर व्यवस्थाएं संभव हो सकेंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े ने बताया कि फिलहाल एक डॉक्टर ने ही ज्वाइनिंग दी है। दो डॉक्टरों के नाम सूची में शामिल हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक आमद नहीं दी है। उन्होंने कहा कि दोनों डॉक्टर ज्वाइनिंग देंगे या नहीं, इस संबंध में अभी कुछ निश्चित नहीं कहा जा सकता। कुल मिलाकर, नए डॉक्टरों की नियुक्ति से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद जगी है। यदि शेष दोनों डॉक्टर भी शीघ्र आमद देते हैं, तो बैतूल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी और मरीजों को इलाज के लिए अन्य जिलों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।



