Betul News: स्लॉट बुकिंग से वंचित रह गए कई किसान

तिथि बढ़ाने के बावजूद नहीं मिल सका लाभ, समर्थन मूल्य पर धान बिक्री अटकी
Betul News: बैतूल। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले के कई किसान स्लॉट बुकिंग से वंचित रह गए। सरकार द्वारा स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के बावजूद किसानों को इसका कोई लाभ नहीं मिल सका। अब अंतिम तिथि समाप्त हो जाने के बाद ये किसान न तो स्लॉट बुक कर पाएंगे और न ही अपनी उपज बेच सकेंगे।
जानकारी के अनुसार 1 दिसंबर से अब तक जिले में 7 हजार 324 किसानों से 50 हजार 538 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। धान खरीदी की प्रक्रिया आगामी 20 जनवरी तक जारी रहेगी। सरकार ने पहले स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 9 जनवरी निर्धारित की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 13 जनवरी किया गया, लेकिन इस अवधि में भी एक भी नए किसान की स्लॉट बुकिंग नहीं हो सकी।
किसानों का कहना है कि पोर्टल का सर्वर खराब रहने के कारण वे स्लॉट बुकिंग नहीं कर पाए। परिणामस्वरूप कई किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने का अवसर नहीं मिला। अब केवल वही किसान 20 जनवरी तक धान बेच सकेंगे, जिन्होंने पहले ही स्लॉट बुक कर लिया था। अब तक जिले में कुल 7 हजार 620 किसानों ने स्लॉट बुकिंग कराई थी, जिनमें से 7 हजार 324 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं।
9 हजार से अधिक किसानों ने कराया था पंजीयन
धान विक्रय के लिए जिले में 9 हजार 100 से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया था, लेकिन सभी किसान अपनी उपज नहीं बेच सके। स्लॉट बुकिंग में आ रही तकनीकी परेशानियों के कारण कई किसान पंजीयन के बावजूद धान बिक्री से वंचित रह गए। किसानों का कहना है कि स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया जटिल और तकनीकी खामियों से भरी रही।
खरीदी का लक्ष्य पूरा
सरकार द्वारा बैतूल जिले को 50 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य दिया गया था, जिसे पूरा कर लिया गया है। अब तक 50 हजार 538 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है, जो लक्ष्य से अधिक है। इसके बावजूद कई किसानों की स्लॉट बुकिंग पहले से है और वे अभी भी उपज बेचने की तैयारी में हैं, जिससे खरीदी का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
इनका कहना…
स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि चली गई है, जो किसान अंतिम तिथि तक स्लॉट बुकिंग कर चुके उन्ही किसानों से उपज खरीदी जाएगी।
केके टेकाम, जिला आपूर्ति अधिकारी, बैतूल




