Betul News: प्रशासन को कब्जे में कर भाजपा ने चुनाव जीते

Betul News: BJP won the elections by taking control of the administration

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी का भाजपा पर वार, सिंघार ने भी वोट चोरी के नाम पर जमकर घेरा

Betul News: बैतूल। वोट चोर गद्दी छोड़ों के नारे के साथ प्रदर्शन के लिए मैदान में उतरी कांग्रेस ने बुधवार को बैतूल में जंगी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शामिल होने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौके पर मौजूद थे। इस दौरान पटवारी ने भाजपा को जमकर घेरते हुए कहा कि वोट चोरी में पहले कई प्रदेशों में एक भी विधायक भाजपा का नहीं था। चुनाव में वहां पर भाजपा की सरकार बन गई। विधायकों को आपने चुना और उन्हीं विधायकों ने जाकर सरकार बना ली तो आपके वोट का क्या महत्व।

वोट की ताकत नहीं बचेगी तो तानाशाही आएगी, इसका सीधा असर जनता पर पड़ेगा। पांच लाख नौकरी देने का प्रधानमंत्री का वादा झूठा निकला और अब चोरी से सरकार बनाई जा रही है। नरेंद्र मोदी की सरकार बैशाखी है पर जैसे ही गठबंधन टूटेगा सरकार धड़ाम से गिर जाएगी। यह बात उन्होंने शिवाजी आडिटोरियम में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते कही। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा और पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे। इसके बाद सभी कांग्रेसियों ने रैली के शक्ल में कलेक्ट्रेट जाकर ज्ञापन भी सौंपा।

शिवाजी आडिटोरियम में सभा का आयोजन दोपहर 12 बजे किया जाना था, लेकिन दोपहर 2 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बैतूल नहीं पहुंच सके थे। उमंग सिंघार समेत तमाम कार्यकर्ता और नेता सर्किट हाउस में उनका इंतजार करते देखे गए। कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए थे। सभा स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बताया जा रहा है कि ज्ञापन के लिए जिला प्रशासन ने 2 बजकर 5 मिनट का समय कांग्रेसियों को दिया था, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी दो घण्टे की देरी से बैतूल पहुंचे थे।

पांसे ने मुलताई विधायक को घेरा

इस दौरान मुलताई के पूर्व विधायक सुखदेव पांसे ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख को जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि खेती किसानी का बंटाढार शिवराज सिंह ने किया और घाटे का सौदा बना दिया। महंगाई बढ़ा दी, इससे किसान कर्ज में आ गया और पूरे देश में सबसे ज्यादा आत्महत्या एमपी में हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दर्द समझकर कर्ज माफ किया। उन्होंने पवित्र नगरी मुलताई में अवैध कारोबार का मुद्दा उठाते हुए भाजपा को जमकर घेरा। पांसे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को धन्यवाद दिया कि पिछले प्रवास के दौरान जिस सड़क का मुद्दा उठाया था, उसका काम शुरू हो गया है। मंच से उन्होंने मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख पर आरोप लगाए कि वे सरपंचों से कमीशन ले रहे हैं।

जय और वीरू की जोड़ी से सभी भयभीत: डागा

जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने अपना संबोधन जीतू पटवारी और उमंग सिंघार को जय-वीरू की जोड़ी संबोधित कर शुरू किया। डागा ने कहा कि ताप्ती कंर्जेवेशन बनने से हमारे दस गांव जा रहे हैं। इससे जिले को फायदा होने की जगह आदिवासियों को नुकसान हो रहा है। भाजपा में चाल, चरित्र के आधार पर श्रेय लेने की होड़ मची है। इसी वजह जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि जिले में न तो कोई बड़ा कारखाना है और न कोई बड़ा शिक्षण संस्थान है। दूसरी ओर कांग्रेस को रोकने के लिए जनता के वोट चोरी किए जा रहे हैं। यह देश के लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा है।

देश-प्रदेश में वोट चोरी का सरकार बन रही: सिंघार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि देश और प्रदेश में वोट चोरी कर सरकार बनाई जा रही है। गुजरात सहित देश को कर्ज में डूबाया जा रहा है। वोट की ताकत बंदूक की गोली से ज्यादा मायने रखती है, लेकिन फर्जी वोट डालकर झूठी सरकार बनाई जा रही है। सौ करोड़ लोग अपनी सरकार बनाना चाहते हैं पर उनके वोट चोरी किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाए कि प्रदेश में भी 16 लाख वोटों की चोरी हुई है। दो माह में 16 लाख वोट बढ़ा दिए और कई वोट काट दिए। यहां दस हजार वोट बढ़े, वहां पांच हजार वोट से भाजपा का विधायक बना। उन्होंने आरोप लगाया कि हर विभाग में कमीशन बाजी चल रही है और दूसरी ओर किसान खाद-बीज के लिए परेशान हो रहे हैं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button