Betul Ki Khabar: बैतूल में रफ्तार और लापरवाही का कहर: शहर में बाइक हादसे में युवक की मौत, फोरलेन पर गन्ना ट्रॉली पलटने से भीषण टक्कर और लंबा जाम

Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले में रविवार की रात तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो अलग-अलग स्थानों पर कहर बरपाया। एक ओर शहर के बीचोंबीच दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर बैतूल-नागपुर फोरलेन पर गन्ना से भरी ट्रॉली पलटने से ट्रक और एक्सप्लोसिव वेन आपस में टकरा गए, जिससे कई घंटे तक यातायात ठप रहा।
पहली घटना बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डॉन बॉस्को स्कूल के पास रविवार रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे एक दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रोशन पिता स्वर्गीय राजीव अचारे उम्र 22 वर्ष, निवासी बोरगांव डेम, थाना भैंसदेही के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक पंकेश उर्फ पियूष पिता कांशीराम बिसोने उम्र 17 वर्ष निवासी बोरगांव डेम बताया गया है।

सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला चिकित्सालय बैतूल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं दूसरी घटना रविवार रात करीब 10 बजे बैतूल-नागपुर फोरलेन पर सापना डेम के आगे मदानी ढाना के पास हुई। यहां शुगर फैक्ट्री जा रही गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली के पलटते ही पीछे आ रहा एक ट्रक उसमें जा घुसा। इसी दौरान ट्रक के पीछे आ रही एक्सप्लोसिव वेन भी ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक्सप्लोसिव वेन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे, केबिन को काटकर घायल चालक को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया।
टीआई बैतूल बाजार अंजना धुर्वे ने बताया कि गन्ने से भरी ट्रॉली के पलटने से यह पूरा हादसा हुआ। सड़क पर गन्ना और पशु आहार बिखर जाने से करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। शुगर फैक्ट्री से मजदूर और जेसीबी मशीन बुलाकर सड़क साफ कराई गई, जिसके बाद रात करीब तीन बजे यातायात बहाल हो सका। इन दोनों घटनाओं ने जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया




