Betul Ki Khabar: नकली सोना गिरवी को लेकर मचा बवाल, कोतवाली में हाई वोल्टेज ड्रामा

खोदा पहाड़ और निकली चुहिया, महिलाओं को बेवजह झेलनी पड़ी फजीहत
Betul Ki Khabar: बैतूल। गुरुवार शाम कोतवाली थाना परिसर में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया,जब गोल्ड लोन देने वाली कम्पनी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं से पूछताछ शुरू की। दोनो महिला गोल्ड गिरवी रखने कंपनी के ऑफिस पहुंची थी। खरा सोना नहीं होने के चलते महिलाओं को कंपनी ने लोन देने से मना कर दिया इसके बाद महिलाएं भी रवाना हो गई, लेकिन कुछ ही देर बाद पुलिस महिलाओं को लेकर कंपनी के कार्यालय पहुंच गई।
इस दौरान हवा उड़ गई कि महिलाएं नकली सोना गिरवी रखने के उद्देश्य से आई थी, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं था। दोनों ही महिला संभ्रांत परिवारों की नजर आ रही थी, लेकिन इस तरह की अफवाह और कार्यवाही के चलते महिलाओं का पारा भी सांतवें आसमान पर पहुंच गया और उनमें से एक महिला ने कम्पनी के कर्मचारियों सहित पुलिस कर्मियों की भी क्लास लगानी शुरू कर दी । कोतवाली थाने में भी महिला ने सभी को जमकर खरी खोटी सुनाई। आखिर महिला ने सच्चाई साबित की और पुलिस को भी उनकी बात माननी पड़ी।
कोतवाली टीआई रविकांत डेहरिया ने बताया कि इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की बात सुनी गई थी। महिलाओं के पास सोना तो था, लेकिन उसमें सोने के अंश का प्रतिशत कम था। इसे कैरेट की भाषा भी कहा जाता है। महिलाएं सोना गिरवी रखने गई, लेकिन कम्पनी ने प्रतिशत कम होने के चलते लोन देने से मना कर दिया। महिलाएं भी वापस चली गई थी, लेकिन इधर कुछ देर वाद नकली सोना होने की अफवाह फैल गई। लिहाजा पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।
महिलाओं का पक्ष अपनी जगह सही था। उनके पास सोना तो था, लेकिन उसमें कुछ अंश कम था। कम्पनी द्वारा भी इस मामले को ज्यादा तूल नहीं दिया गया। कुल मिलाकर दोनों पक्ष अपनी जगह सही थे। लिहाजा सभी को समझाइश देकर मामला शांत करवा दिया गया।




