Betul Samachar: शव ले जाने के लिए अब नहीं होना पड़ेगा परेशान

जिले में सरकार की तरफ से संचालित होगा शव वाहन
Betul Samachar: बैतूल। अब जिले के गरीब और जरूरतमंद लोगों को शव ले जाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्रदेश सरकार की ओर से बैतूल जिले को जल्द ही एक शव वाहन की सौगात मिलने जा रही है, जिसकी सेवा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने सभी जिलों में शव वाहन सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि शव परिवहन में किसी भी वर्ग को परेशानी न हो। इस योजना के तहत बैतूल जिले में भी शव वाहन सेवा शीघ्र शुरू होगी, जो कि शासन के माध्यम से संचालित की जाएगी।
इस पहल से उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें निजी वाहनों के लिए भारी भरकम राशि चुकानी पड़ती थी या फिर शव ले जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई बार यह भी देखने को मिला है कि कई लोग शव वाहन नहीं मिलने के आभाव में शव को बेलगाड़ी सहित अन्य माध्यमों से ले जाते हुए पाए गए, लेकिन अब शव वाहन संचालित होने से लोगों को सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
अस्पताल से आसानी से लोग अपने घर तक शव लेजा सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि सेवा शुरू होते ही इसकी प्रक्रिया और संपर्क व्यवस्था की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल से शव को घर तक पहुंचाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा उनके पिता स्व. विजय कुमार खंडेलवाल की स्मृति में शव वाहन संचालित किया जा रहा है। अब शासन की तरफ से एक और शव वाहन जिले को उपलब्ध होगा।
इनका कहना
जिले को भी शव वाहन की सुविधा जल्द मिलना शुरू हो जाएगी। शव वाहन शासन की तरफ से संचालित होगा। शव वाहन का संचालन कैसे होगा इसका आधिकारिक प्रारूप नहीं आया है।
डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े
सीएमएचओ, बैतूल




